SCG News डेस्क : आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला की बेटी अनन्या बिड़ला इन दिनों सुर्खियों में हैं। करण जौहर के चर्चित टॉक शो 'कॉफ़ी विद करण' के नौवें सीज़न के छठे एपिसोड में उन्होंने अपनी निजी ज़िंदगी, शादी के प्रस्तावों और कारोबार में पितृसत्ता पर खुलकर बात की। उनकी ये बातें सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं।
"एक ही शख़्स से कई बार आया प्रस्ताव"
शो में करण जौहर ने पूछा कि क्या कभी किसी बड़े उद्योगपति परिवार ने सिर्फ़ इसलिए रिश्ता भेजा, क्योंकि दोनों परिवारों का रुतबा और ब्रांड एक जैसा है। इस पर अनन्या ने माना कि उन्हें शादी का एक बड़ा प्रस्ताव मिला था, और एक ही व्यक्ति की ओर से कई बार प्रस्ताव आया।
नाम पूछे जाने पर अनन्या ने बताने से साफ़ मना कर दिया। करण ने मज़ाक में कहा कि अब इंटरनेट को ही अंदाज़ा लगाने दिया जाए।
अनन्या ने बताया कि बार-बार प्रस्ताव आने से उनके माता-पिता परेशान हो जाते हैं। उनका कहना था कि एक बार मना कर देने के बाद बात वहीं ख़त्म हो जानी चाहिए।

"मैं पूरी तरह रोमांटिक हूं"
निजी ज़िंदगी पर बात करते हुए अनन्या ने ख़ुद को पूरी तरह रोमांटिक इंसान बताया। उन्होंने माना कि वे अक्सर ऐसे लोगों की ओर खिंच जाती हैं, जो न उनके लिए बने होते हैं और न वे उनके लिए।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी किसी डेट के लिए पूरा वेन्यू ख़ाली करवाया है, तो उन्होंने हंसते हुए 'हां' में जवाब दिया।
पांच पीढ़ियों में कोई महिला कारोबार में नहीं आई
32 साल की अनन्या बिड़ला अपने परिवार की पहली महिला हैं, जिन्होंने आदित्य बिड़ला ग्रुप के कारोबार में कदम रखा। उनके मुताबिक़ वे बिड़ला परिवार की छठी पीढ़ी हैं, और पिछली पांच पीढ़ियों में परिवार की किसी महिला ने ग्रुप के बिज़नेस में काम नहीं किया।
आज अनन्या आदित्य बिड़ला समूह की 10 कंपनियों में डायरेक्टर हैं। उन्होंने अपनी कंपनी स्वतंत्र माइक्रोफ़िन प्राइवेट लिमिटेड भी शुरू की है, जिसकी वे चेयरपर्सन हैं।
अनन्या की पारिवारिक जड़ें उद्योगपति और स्वतंत्रता आंदोलन के समर्थक घनश्याम दास (जीडी) बिड़ला से जुड़ी हैं।
एक पुराने इंटरव्यू में अनन्या ने कहा था, "मैं अपने परिवार की छठी पीढ़ी से हूं। मुझसे पहले परिवार की किसी भी महिला ने बिज़नेस में काम नहीं किया। मेरी दादी ने भी 45-50 साल की उम्र में सीएसआर का काम शुरू किया। मैं परिवार की पहली महिला हूं, जो फ़ुल-टाइम काम कर रही हूं।"

संगीत से बनाई पहचान, फिर ली विदाई
कारोबार के अलावा अनन्या ने संगीत की दुनिया में भी नाम कमाया। उन्होंने 2016 में बतौर सिंगर करियर शुरू किया था।
मई 2024 में उन्होंने संगीत से दूरी बनाने का ऐलान किया। सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा था कि दो बिज़नेस और संगीत को एक साथ संभालना मुश्किल हो रहा है, इसलिए अब वे पूरा ध्यान कारोबार पर देना चाहती हैं। उन्होंने अपने संगीत को प्यार देने के लिए फ़ैंस का शुक्रिया भी अदा किया।
बिड़ला स्टूडियोज़ के साथ बॉलीवुड में एंट्री
संगीत छोड़ने के बाद भी अनन्या मनोरंजन की दुनिया से जुड़ी रहीं। इसी साल फ़रवरी में उन्होंने बिड़ला स्टूडियोज़ की शुरुआत की, जिसकी वे फ़ाउंडर और चेयरपर्सन हैं।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक़, बतौर निर्माता उनकी पहली फ़िल्म इम्तियाज़ अली की 'मैं वापस आऊंगा' है, जिसमें दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह और शरवरी अहम भूमिकाओं में हैं।
अब वे रणवीर सिंह की फ़िल्म 'प्रलय' प्रोड्यूस कर रही हैं, जिसका निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं।
कई भाषाओं में फ़िल्में बनाने की तैयारी
अनन्या की योजना हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मलयालम और दूसरी भाषाओं में भी फ़िल्में बनाने की है। उनका फ़ोकस कमर्शियल एंटरटेनमेंट के साथ-साथ नए कलाकारों, नई कहानियों और अलग तरह के सिनेमा को बढ़ावा देने पर है।