रायपुर। सेवा, संस्कार और समर्पण के उद्देश्य से कार्यरत हर संभव फाउंडेशन, रायपुर द्वारा अभनपुर स्थित श्री आशुतोष अलका अग्रवाल मंगल भवन में सावन उत्सव एवं ‘सावन सुंदरी-2026’ प्रतियोगिता (सीजन-7) का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गायन और नृत्य प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण और भजन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. प्रीती उपाध्याय रहीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में मिलना कुर्रे, मीनाक्षी पांडे और सीमा खन्ना उपस्थित रहीं, जबकि विशेष अतिथि कविता पाठक एवं नीतू मंडल ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए समीक्षक एवं निर्णायक दलमीत सिंह उपस्थित रहे।
आयोजन के दौरान हर संभव फाउंडेशन की प्रमुख पुष्पलता त्रिपाठी ने संस्था द्वारा वर्षभर संचालित सामाजिक कार्यों और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की। अतिथियों का हरित पौधा, पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। श्री आशुतोष अलका मेमोरियल वेलफेयर ट्रस्ट की प्रमुख ट्रस्टी कुशल अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
शिव-पार्वती और राधा-कृष्ण की भक्ति प्रस्तुति बनी आकर्षण
कार्यक्रम में शिव-पार्वती एवं राधा-रानी के आगमन की धार्मिक प्रस्तुति ने विशेष आकर्षण पैदा किया। पुष्पवर्षा के बीच लाल चुनरी के नीचे भगवान कृष्ण और राधारानी का भव्य आगमन हुआ। इसके बाद चरण प्रक्षालन, टीका-चंदन, आरती एवं श्रीफल अर्पित कर पूजा-अर्चना की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं और अतिथियों ने स्तुति की, जिसके बाद सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति हुई। इस प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को भक्तिमय वातावरण से भर दिया।
डॉ. अंबिका मिश्रा बनीं ‘सावन सुंदरी-2026’
आयोजन का प्रमुख आकर्षण ‘सावन सुंदरी-2026’ प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में डॉ. अंबिका मिश्रा ने प्रथम स्थान हासिल कर सावन सुंदरी-2026 का खिताब अपने नाम किया, जबकि दीपाली दुबे उपविजेता रहीं। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, प्रतिभा और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का प्रदर्शन किया। विजेता की ताजपोशी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।
गायन और नृत्य प्रतियोगिताओं में भी दिखी प्रतिभा
गायन प्रतियोगिता में श्वेता घुरुई ने प्रथम, अनुपमा मिश्रा ने द्वितीय और तृप्ति सक्सेना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
एकल नृत्य प्रतियोगिता में रागिनी साहू प्रथम, प्रीति चौहान द्वितीय और भारती शुक्ला तृतीय स्थान पर रहीं।
सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में सरिता झा एवं अनुपमा मिश्रा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुनीता सिंह, श्रद्धा रजक, भारती इंग्ले, सत्य गुप्ता एवं सविता निर्मलकर ग्रुप दूसरे स्थान पर रहा, जबकि रमा शर्मा एवं अमृता दीक्षित ने तृतीय स्थान हासिल किया।
बच्चों की नृत्य प्रतियोगिता में समृद्धि सिंह एवं प्राप्ति अग्रवाल ने प्रथम, अनुषा मुखर्जी ने द्वितीय और आर्या गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में एकल एवं सामूहिक नृत्य, गीत-संगीत, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों ने उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।
हर संभव फाउंडेशन का यह आयोजन सावन की सांस्कृतिक परंपराओं, भारतीय संस्कारों और महिला प्रतिभाओं को मंच देने के साथ सामाजिक सहभागिता एवं सेवा भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक पहल के रूप में सामने आया। आयोजन में शामिल अतिथियों, प्रतिभागियों और दर्शकों ने कार्यक्रम की सराहना की।