सिंगापुर में छत्तीसगढ़ की बड़ी छलांग: ₹43,250 करोड़ के FDI प्रस्ताव, AI डेटा सेंटर से सोलर सेक्टर तक निवेश


रायपुर/सिंगापुर, 5 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ ने खुद को देश के उभरते डिजिटल और औद्योगिक निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सिंगापुर में आयोजित पहले Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में राज्य को कुल ₹43,250 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्रतिबद्धताएं मिली हैं।

इनमें सबसे बड़ा प्रस्ताव ₹41,750 करोड़ का है, जिसके तहत सिंगापुर मुख्यालय वाली Energy Capital Global Pvt. Ltd. छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम में राज्य के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया और कंपनी को निवेश के लिए ‘Invitation to Invest’ सौंपा।

मध्य भारत का सबसे बड़ा AI डेटा सेंटर बनाने की तैयारी

Energy Capital Global एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े AI-रेडी डेटा सेंटर के विकास और वित्तपोषण के क्षेत्र में काम करती है। कंपनी की मौजूदगी सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में है।

कंपनी के CEO स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जरूरी ऊर्जा, भूमि और राजनीतिक इच्छाशक्ति छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि कंपनी मध्य भारत में बड़ा AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के साथ स्थानीय इंजीनियरों को इसके संचालन के लिए प्रशिक्षित करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।


सोलर और बैटरी स्टोरेज में भी ₹1,500 करोड़

छत्तीसगढ़ को Sunstream Green Energy Pvt. Ltd. की ओर से भी ₹1,500 करोड़ का FDI प्रस्ताव मिला है। यह निवेश सोलर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स के क्षेत्र में प्रस्तावित है।

इससे राज्य में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा आधारित औद्योगिक इकोसिस्टम को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।


पहले से मौजूद AI डेटा सेंटर पार्क को मिलेगा बल

राज्य सरकार के मुताबिक छत्तीसगढ़ में पहले से ही भारत का पहला AI डेटा सेंटर पार्क स्थापित है। नए निवेश प्रस्ताव के साथ राज्य सरकार डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर और AI आधारित उद्योगों के लिए एक बड़ा केंद्र विकसित करने की कोशिश कर रही है।

अगर ये निवेश प्रतिबद्धताएं निर्धारित समयसीमा में परियोजनाओं में बदलती हैं, तो छत्तीसगढ़ की डिजिटल अर्थव्यवस्था और रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकता है।

CM साय बोले—450 से ज्यादा सुधार, 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' जारी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ SING Forum में फायरसाइड चैट में राज्य की निवेश नीति और प्रशासनिक सुधारों को सामने रखा।

उन्होंने कहा कि सरकार बंद कमरों में बैठकर सुधार तय करने के बजाय सीधे उद्योग जगत से उनकी समस्याएं जानती है और उसी आधार पर व्यवस्था में बदलाव करती है। मुख्यमंत्री के अनुसार राज्य में 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं।

उन्होंने दावा किया कि सुधारों, औद्योगिक नीति और सक्रिय शासन व्यवस्था के चलते छत्तीसगढ़ को पिछले 18 महीनों में ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।


सिंगापुर सरकार और वैश्विक कंपनियों की मौजूदगी

फोरम में सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय और व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

कार्यक्रम में Mastercard, IHCL (Taj Hotels) और Nestlé सहित कई वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। इससे भारत के राज्यों और सिंगापुर के बीच निवेश एवं व्यापारिक संबंधों को लेकर बढ़ती रुचि का संकेत मिलता है।


जल पुनर्चक्रण से फूड प्रोसेसिंग तक बातचीत

फोरम से इतर मुख्यमंत्री साय ने Aquatech और Adroit Overseas Pvt. Ltd. के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं।

इन बैठकों में उद्योगों के लिए अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग की अधोसंरचना और छत्तीसगढ़ में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर की संभावनाओं पर चर्चा हुई।


6 अक्टूबर को CEO Roundtable, निवेश पर आगे बढ़ेगी बातचीत

मुख्यमंत्री साय 6 अक्टूबर को सिंगापुर में CEO Roundtable में प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इन बैठकों के जरिए SING Forum में मिले निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने और नई परियोजनाओं के लिए निवेशकों को आकर्षित करने पर जोर रहेगा।

VIEW MORE

Category News