रंगों और दीपों में दिखी डिजिटल भारत की तस्वीर, कनेक्टिविटी से ई-गवर्नेंस और पर्यावरण संरक्षण तक का संदेश


जशपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जशपुर के रणजीता स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के विजन को विशाल रंगोली के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। रंगों और रचनात्मकता से तैयार इस रंगोली में डिजिटल तकनीक से सशक्त, आत्मनिर्भर और आधुनिक भारत की परिकल्पना को कलात्मक रूप दिया गया। डिजिटल कनेक्टिविटी और ई-गवर्नेंस के साथ भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश भी इसमें उकेरा गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रणजीता स्टेडियम पहुंचकर रंगोली का अवलोकन किया। उन्होंने रंगोली के चारों ओर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की। दीपों की रोशनी से जगमगाती रंगोली ने डिजिटल भारत की परिकल्पना को और आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर विधायक रायमुनी भगत भी मौजूद रहीं।

तकनीक से सुशासन तक की तस्वीर

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया ने देश में विकास और सुशासन को नई गति दी है। तकनीक के विस्तार से शासन की सेवाएं नागरिकों तक आसानी से पहुंच रही हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और बैंकिंग सहित कई क्षेत्रों में डिजिटल माध्यम से सुविधाएं अधिक सहज हुई हैं।

उन्होंने कहा कि डिजिटल कनेक्टिविटी केवल तकनीकी प्रगति का माध्यम नहीं, बल्कि देश के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का जरिया भी है। डिजिटल इंडिया का विजन आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।


रंगोली में दिखाई डिजिटल भारत की तस्वीर

रंगोली के मध्य में ‘डिजिटल इंडिया’ का संदेश प्रमुखता से उकेरा गया। इसके ऊपर बना वाई-फाई का प्रतीक देश में बढ़ती डिजिटल कनेक्टिविटी और इंटरनेट की पहुंच को दर्शाता है।

कंप्यूटर और क्लाउड तकनीक के चित्रों के माध्यम से डिजिटल सेवाओं और आधुनिक तकनीकी संसाधनों को दर्शाया गया। वहीं मोबाइल फोन और सरकारी भवन के चित्रों ने ई-गवर्नेंस तथा नागरिकों तक डिजिटल माध्यम से पहुंच रही शासकीय सेवाओं की तस्वीर प्रस्तुत की।

रंगोली में भारत के मानचित्र को दोनों हाथों से थामे हुए चित्र के जरिए तकनीक से सशक्त भारत और प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश दिया गया। मानचित्र के भीतर बनाई गई डिजिटल लाइनें देश के विभिन्न हिस्सों को तकनीक और संचार के माध्यम से जोड़ने का प्रतीक बनीं।

पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश

रंगोली में हरी पत्तियों और पौधे की आकृति के माध्यम से आधुनिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के महत्व को भी दर्शाया गया।

रंगोली के नीचे अंकित ‘कनेक्टेड इंडिया, स्ट्रॉन्गर इंडिया’ संदेश डिजिटल रूप से जुड़े नागरिकों के माध्यम से सशक्त भारत की परिकल्पना को सामने लाता है।

रंगोली के चारों ओर प्रज्वलित दीप भारतीय संस्कृति, ज्ञान और सकारात्मकता के प्रतीक बने। रंगों और दीपों के इस संगम ने डिजिटल जागरूकता के साथ नए अवसरों की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

VIEW MORE

Category News