भोरमदेव कॉरिडोर के धीमे निर्माण पर मंत्रियों की सख्ती, 15 दिन की कार्ययोजना के साथ तय होगी जिम्मेदारी


रायपुर, 21 सितंबर 2026। स्वदेश दर्शन योजना के तहत करीब 146 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे भोरमदेव कॉरिडोर के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कबीरधाम जिला पंचायत सभाकक्ष में हुई समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताई।

दोनों मंत्रियों ने संबंधित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को हर 15 दिन के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने और निर्धारित समय-सीमा में जमीन पर दिखाई देने वाली प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


धीमी प्रगति पर ठेकेदारों को कार्रवाई की चेतावनी

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव कॉरिडोर के निर्माण कार्यों में अपेक्षित गति नहीं होने पर अब जिम्मेदारी तय की जाएगी। हर 15 दिन में निर्माण स्थल पर कार्य की प्रगति दिखाई देनी चाहिए। निर्धारित लक्ष्य हासिल नहीं करने वाले ठेकेदारों को कार्य से पृथक करने के साथ अनुबंध की शर्तों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर ब्लैकलिस्ट सहित अन्य कार्रवाई भी की जाएगी। सभी परियोजनाओं के लिए 15-15 दिन की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने और पर्याप्त मशीनरी, मानव संसाधन तथा अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।


गुणवत्ता से समझौता नहीं

विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव क्षेत्र का विकास आने वाले कई वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। इसलिए निर्माण कार्य मजबूत, टिकाऊ और निर्धारित गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप होने चाहिए।

उन्होंने संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और तकनीकी अथवा अन्य किसी समस्या की जानकारी तत्काल अधिकारियों को देने के निर्देश दिए। आगामी भोरमदेव महोत्सव तक निर्माण कार्यों में स्पष्ट और दिखाई देने वाली प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया।

साथ ही पीएमसी, ठेकेदारों और भोरमदेव विकास समिति के बीच नियमित समन्वय बनाए रखने तथा पीएमसी की तकनीकी निगरानी को और प्रभावी करने के निर्देश दिए गए।


8-9 महीने बाद भी काम की रफ्तार धीमी

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई कार्यों के कार्यादेश जारी हुए 8 से 9 महीने हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद काम अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ रहा है।

उन्होंने सभी ठेकेदारों को पूरी कार्ययोजना प्रस्तुत करने और प्रत्येक 15 दिन में किए जाने वाले कार्यों का लक्ष्य तय करने के निर्देश दिए। भोरमदेव महोत्सव से 10 दिन पहले तक निर्धारित कार्यों को पूरा करने की समय-सीमा तय करने को कहा गया।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि हर 15 दिन में निर्माण कार्यों की समीक्षा होगी और लक्ष्य के अनुरूप काम नहीं करने वाले ठेकेदारों को कार्य से हटाने के साथ अनुबंध के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

मंदिर की ऐतिहासिक वास्तुकला के अनुरूप हो निर्माण

पर्यटन मंत्री ने कहा कि निर्माण स्थल पर ठेकेदार की ओर से एक जिम्मेदार प्रतिनिधि की मौजूदगी अनिवार्य होनी चाहिए, जो समिति और अधिकारियों के साथ बैठक कर ड्राइंग, डिजाइन तथा निर्माण से जुड़े विषयों पर तत्काल निर्णय ले सके।

सिंचाई, लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि भोरमदेव कॉरिडोर के ड्राइंग और डिजाइन में भोरमदेव मंदिर की ऐतिहासिक वास्तुकला, स्वरूप और रंगत का विशेष ध्यान रखा जाए। नए निर्माण मंदिर की ऐतिहासिक पहचान के अनुरूप हों और उसके साथ सामंजस्य स्थापित करें।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि भोरमदेव केवल कवर्धा की आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे छत्तीसगढ़ की आस्था और ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। इसलिए परियोजना से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।


भोरमदेव मार्ग से हटेगा अतिक्रमण

बैठक में भोरमदेव मार्ग और आसपास के क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर भी निर्देश दिए गए। विजय शर्मा ने कवर्धा से भोरमदेव जाने वाले मुख्य मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण का चिन्हांकन कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

राजस्व और वन विभाग की भूमि का संयुक्त रूप से चिन्हांकन करने तथा अतिक्रमण पाए जाने पर उसे हटाने के निर्देश तहसीलदार को दिए गए।

उन्होंने कहा कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई उपयुक्त शासकीय भूमि का उपयोग पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं के विकास के लिए किया जा सकता है। साथ ही भोरमदेव मार्ग को व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पुलिस प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, पर्यटन विभाग के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

VIEW MORE

Category News