रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण का श्रवण छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने बाल आश्रम के बच्चों के साथ किया। इस दौरान बच्चों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को उत्साहपूर्वक सुना और विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं भी साझा कीं।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने देश के युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए छत्तीसगढ़ के अनिमेष कुजूर की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि देश के युवा खिलाड़ी लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं और अनिमेष कुजूर उनकी प्रतिभा और परिश्रम का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी का उल्लेख होने से बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश के विभिन्न क्षेत्रों में पाए जाने वाले प्रसिद्ध आमों तथा गर्मी के मौसम में पारंपरिक पेय पदार्थों का भी जिक्र किया। आम की विभिन्न प्रजातियों के बारे में सुनकर बाल आश्रम के बच्चों में उत्सुकता बढ़ी और उन्होंने आम प्रदर्शनी देखने की इच्छा व्यक्त की।
बच्चों की इस इच्छा को देखते हुए राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने तत्काल पहल करते हुए उनके लिए विशेष बस की व्यवस्था कराई और आम प्रदर्शनी का भ्रमण कराया। प्रदर्शनी में बच्चों ने विभिन्न किस्मों के आमों को देखा, उनके बारे में जानकारी प्राप्त की तथा इस अनूठे अनुभव का आनंद लिया। इस दौरान बच्चों के चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
इस अवसर पर वर्णिका शर्मा ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ ऐसे ज्ञानवर्धक और अनुभवात्मक अवसर उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक संदेश और बच्चों की जिज्ञासाओं को प्रोत्साहित करने वाली गतिविधियां उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी जरूरी है, जिससे उनमें सीखने की प्रवृत्ति और आत्मविश्वास का विकास होता है।