रायपुर, 31 मई 2025 — शहर के सेमिनार हॉल में शनिवार को बाल मधुमेह से पीड़ित बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों से चयनित बच्चों ने भाग लिया, जिसमें उन्हें मधुमेह प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में प्रख्यात एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉ. सत्यजीत साहू ने बाल मधुमेह के कारणों, इंसुलिन लगाने की विधि, आहार चिकित्सा, सिक डे मैनेजमेंट, संक्रमण नियंत्रण और सामाजिक कलंक जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि "उचित शुगर नियंत्रण और सही जानकारी के साथ बच्चों का सामान्य जीवन संभव है।"
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसे बच्चों के लिए मनोरंजक और प्रेरणादायक बनाने हेतु सांता क्लॉज की वेशभूषा में खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर बाल मधुमेह की ब्रांड एम्बेसडर पूजा सोनी ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा, "हमें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए और खुद को शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनाना चाहिए।"
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और इस पहल की सराहना की। आयोजन की सफलता में पूजा, विभा, फनेश्वरी, आलिशा, मयंक, अविनाश और आसिफ का विशेष योगदान रहा।
यह कार्यक्रम न सिर्फ जानकारी से भरपूर रहा बल्कि बच्चों और अभिभावकों के लिए एक सशक्त मंच भी बना, जहां उन्होंने एक-दूसरे से संवाद कर प्रेरणा प्राप्त की।