रायपुर, 20 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला आयोजित की गई। प्रदेश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन हुआ। दोनों देशों की महिला टीमों के बीच पहली द्विपक्षीय श्रृंखला की शुरुआत छत्तीसगढ़ से होना भी इस आयोजन को खास बनाता है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को स्टेडियम पहुंचे और भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला के तीसरे मुकाबले का आनंद लिया। उन्होंने दोनों टीमों की खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और मेहनत से पहचान बनाने वाली महिला खिलाड़ी देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणा हैं।
बेटियों को खेलों से जोड़ने की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैचों का आयोजन छत्तीसगढ़ में खेलों की बढ़ती संभावनाओं का प्रमाण है। यह केवल क्रिकेट श्रृंखला नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करने का अवसर भी है। विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखकर युवा लड़कियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगी।
इस ऐतिहासिक आयोजन के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का प्रत्यक्ष अनुभव देना है।
खेल अधोसंरचना और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेलों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के साथ खेल अधोसंरचना के विस्तार, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की प्रतिभाओं को अपने ही राज्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं से जुड़ने का अवसर मिले।
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने से यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन की संभावनाएं बढ़ी हैं। इससे क्रिकेट प्रेमियों को बड़े मुकाबले देखने और स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल से सीखने का अवसर मिल रहा है।
इससे पहले नवा रायपुर में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन हो चुका है। राज्य सरकार की पहल पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो आईपीएल मुकाबले भी आयोजित किए गए। भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला को छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट आयोजनों के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पर्यटन, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े खेल आयोजन किसी प्रदेश की पहचान और खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ अर्थव्यवस्था को भी गति देते हैं। ऐसे आयोजनों से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन, स्थानीय व्यापार और सेवा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं। खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों के आगमन से स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा आजीविका के नए अवसर भी पैदा होते हैं।
उन्होंने कहा कि नवा रायपुर आधुनिक अधोसंरचना और बेहतर सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित हो रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य इसे एक आधुनिक राजधानी के साथ देश के प्रमुख खेल और आयोजन केंद्रों में शामिल करना है। इसके लिए खेल सुविधाओं का विस्तार और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों से नई पीढ़ी को प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सकारात्मक वातावरण बना है। भारतीय महिला खिलाड़ी लगातार उपलब्धियां हासिल कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ा रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचानने, निखारने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह श्रृंखला खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और दोनों देशों के बीच मैत्री का यादगार उदाहरण बनेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवा रायपुर में आयोजित यह श्रृंखला प्रदेश की नई पीढ़ी, विशेषकर बेटियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पदाधिकारी, खेल जगत के प्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।