18 जनवरी को रायपुर में छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज का राष्ट्रीय अधिवेशन, देश के नामी कवियों का सजेगा मंच


रायपुर। छत्तीसगढ़ी दाऊ अग्रवाल समाज का 50वां राष्ट्रीय वार्षिक अधिवेशन आगामी 18 जनवरी 2026 को राजधानी रायपुर के बूढ़ा तालाब स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस स्वर्ण जयंती अधिवेशन में छत्तीसगढ़ के लगभग 22 जिलों से करीब 5000 समाजजन शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ी दाऊ अग्रवाल समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दाऊ अनुराग अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अग्रवाल समाज का छत्तीसगढ़ से रिश्ता करीब 400 वर्ष पुराना है। वर्ष 1627 ईस्वी में मुगल बादशाह शाहजहां के अत्याचारों से त्रस्त होकर अग्रवालों के पूर्वज छत्तीसगढ़ आए और यहां की संस्कृति, परंपरा व त्योहारों को आत्मसात कर पूरी तरह छत्तीसगढ़िया हो गए। उन्होंने कहा कि समाज को छत्तीसगढ़ महतारी से जो स्नेह और सम्मान मिला, उसी के दायित्व बोध से प्रेरित होकर अग्रवाल समाज ने शिक्षा, स्वास्थ्य, धार्मिक और सामाजिक क्षेत्रों में निरंतर योगदान दिया है।

दाऊ अनुराग अग्रवाल ने बताया कि समाज द्वारा प्रदेश में शैक्षणिक संस्थान, चिकित्सालय, तालाब, कुएं और धार्मिक स्थलों का निर्माण कराया गया है। छत्तीसगढ़ के विकास में किए गए इन कार्यों के कारण ही समाज को यहां “दाऊ” के स्नेहिल संबोधन से सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि अलग राज्य बनने से पहले ही अग्रवाल समाज ने संगठित होकर छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कार्य शुरू कर दिया था और आज भी सामाजिक-सांस्कृतिक समरसता को अपना मूल उद्देश्य बनाए हुए है।

इसी उद्देश्य के तहत इस वर्ष 50वें स्वर्ण समागम के अवसर पर राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ की सामाजिक समरसता को समर्पित होगा। इस कवि सम्मेलन में छत्तीसगढ़ में निवासरत आदिवासी, तेली, कुर्मी, यादव, सोनकर, निषाद सहित सभी छत्तीसगढ़ी समाजों के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों से आकर छत्तीसगढ़ को अपनी कर्मभूमि बनाने वाले सभी वर्गों को आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता, वानप्रस्थ (वृद्धाश्रम) निर्माण, यातायात एवं स्वास्थ्य जैसे विषयों पर जन-जागरण और विमर्श किया जाएगा। अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में विजय शर्मा, अरुण साव, भूपेश बघेल, बृजमोहन अग्रवाल, किरण देव सहित रायपुर की महापौर एवं शहर के पांचों विधायक उपस्थित रहेंगे।

इस अवसर पर आयोजित भव्य साहित्यिक संध्या के तहत राष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त कवि अपनी प्रस्तुति देंगे। कवि सम्मेलन का संचालन देवास के कवि डॉ. शशिकांत यादव करेंगे। सम्मेलन में मेरठ के वीर रस कवि डॉ. हरिओम पवार, बिहार के हास्य सम्राट शंभु शिखर, प्रतापगढ़ के पैरोडीकार पार्थ नवीन, छत्तीसगढ़ के गीतकार रमेश विश्वहास, आगरा की गीत-गजल कवयित्री योगिता चौहान तथा छत्तीसगढ़ के कवि भरत द्विवेदी शामिल होंगे।

यह राष्ट्रीय कवि सम्मेलन रविवार, 18 जनवरी 2026 को शाम 6:30 बजे से सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ा तालाब, रायपुर में आयोजित होगा। छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज ने इस यादगार साहित्यिक संध्या और स्वर्ण जयंती अधिवेशन में प्रदेशवासियों को सपरिवार उपस्थित होने का सादर आमंत्रण दिया है।

VIEW MORE

Category News