राखी से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, पंडित भोजनालय, राजस्थान होटल से लेकर मद्रासी मुरकु-करी निर्माण स्थल तक छापेमारी


रवि कुमार अग्रवाल...(रायगढ़/खरसिंया)। आगामी राखी त्योहार को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जाँच अभियान तेज कर दिया है। “बने खाबो, बने रहिबो” अभियान के तहत विभागीय टीम ने रायगढ़ और खरसिया ब्लॉक में कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, एक्सपायरी सामग्री मौके पर नष्ट कराई गई और साफ-सफाई व खाद्य सुरक्षा नियमों में खामियाँ मिलने पर नोटिस जारी किए गए।


रायगढ़ के पंडित भोजनालय में शाही पनीर और कुक्ड राइस की जाँच


रायगढ़ शहर में पंडित भोजनालय का निरीक्षण 22 अगस्त को कर शाही पनीर और कुक्ड राइस के नमूने जाँच के लिए संकलित किए गए। इस कार्यवाही को खाद्य विभाग की टीम के सरिता पटेल खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं नमूना सहायक सुमन अग्रवाल द्वारा किया गया है और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित रख-रखाव को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए।

खरसिया में राजस्थान होटल से लिए तीन नमूने


खरसिया ब्लॉक में राजस्थान होटल का निरीक्षण 22 अगस्त को कर गोंद लड्डू, नारियल बर्फी और पेड़ा के नमूने जाँच के लिए लिए गए। वहीं चुहड़मल पोटुमल, खरसिया में एक्सपायरी खाद्य पदार्थ पाए जाने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।


इसके अलावा सत्यम ढाबा, उत्तम ढाबा और स्वादिष्ट ढाबा का निरीक्षण किया गया। यहाँ संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।


मद्रासी मुरकु और करी निर्माण स्थल पर मिली खामियां


इसी क्रम में मद्रासी मुरकु एवं करी निर्माण स्थल का भी निरीक्षण 22 अगस्त को किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की लेबलिंग और साफ-सफाई में कमी पाए जाने की बात सामने आई। विभागीय टीम ने संचालक को नोटिस जारी किया तथा करी का नमूना जाँच के लिए लिया।

त्योहार से पहले विभाग की सख्ती


खाद्य विभाग की लगातार कार्यवाही से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग का कहना है कि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण और नमूना कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।


विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का उपयोग करने, एक्सपायरी सामग्री नहीं रखने तथा खाद्य सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं।


इन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्यवाही/निरीक्षण: पंडित भोजनालय, राजस्थान होटल, चुहड़मल पोटुमल, सत्यम ढाबा, उत्तम ढाबा, स्वादिष्ट ढाबा, तथा मद्रासी मुरकु एवं करी निर्माण स्थल।


VIEW MORE

Category News