बेमेतरा, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बेमेतरा जिला गुरुवार को दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 6 लाख 30 हजार 877 से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
जिला मुख्यालय स्थित माता भद्रकाली मंदिर परिसर में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई।
मंदिर परिसर में हजारों दीपों से आकर्षक रंगोली सजाई गई। जय श्री राम के उद्घोष के बीच पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र सेवा को समर्पित किए हैं। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और गरीब कल्याण योजनाओं सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक है।
जिलेभर में हुए विभिन्न आयोजन
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के साथ देश सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होना देश के लिए गौरव का अवसर है। इस अवसर पर जिले में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और रक्तदान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बेमेतरा जिले में आयोजित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रमों के प्रमुख आकर्षण रहे—
- नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर 51 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
- नगरीय निकायों, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 73 हजार दीप जलाए गए।
- प्रत्येक ग्राम पंचायत में 521 दीपों के साथ कुल 2.25 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
- 27 चिन्हांकित गांवों में 100 प्रतिशत घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
- अमृत सरोवरों, हॉफ और शिवनाथ नदी के एनीकटों, राशन दुकानों, शासकीय कार्यालयों, प्रधानमंत्री आवास और लखपति दीदी के घरों में भी दीप जलाए गए।
विकासखंड मुख्यालयों में भी भव्य आयोजन हुए। बेमेतरा के जोंग में 11 हजार, जबकि बेरला के संडी मंदिर, साजा के बिरनपुर शक्ति मंदिर और नवागढ़ के मावली मंदिर में 21-21 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
लखपति दीदी ग्राम माटरा में थीम आधारित ड्रोन शॉट और अंधियारखोर-जेवरा में हॉफ नदी धार अपार थीम पर ड्रोन वीडियोग्राफी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।
कार्यक्रम में रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।