रायपुर, 9 अक्टूबर 2026। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने शुक्रवार को रायपुर नगर निगम के कार्यों की समीक्षा करते हुए शहर की सफाई व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना और विभिन्न शासकीय योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उन्होंने दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक नीलेश क्षीरसागर, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल और रायपुर नगर निगम के आयुक्त संबित मिश्रा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
पीएम आवास योजना में लापरवाही पर जताई नाराजगी
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों से स्पष्ट जानकारी मांगी। अपेक्षित जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गरीबों के आवास निर्माण में गुणवत्ताहीन काम और लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को योजना के कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शहर की कमजोर सफाई व्यवस्था पर भी प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को गंदगी की तस्वीरें दिखाते हुए सफाई व्यवस्था को मजबूत और प्रभावी बनाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
समीक्षा बैठक में जेम (GeM) पोर्टल पर निविदाओं की प्रक्रिया में देरी को गंभीरता से लेते हुए रायपुर नगर निगम के प्रभारी कार्यपालन अभियंता योगेश कड़ू को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, नगरोत्थान योजना के कार्यों में धीमी प्रगति पर अधीक्षण अभियंता इमरान खान को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जोन-8 की जोन आयुक्त राजेश्वरी पटेल से प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति के संबंध में सवाल पूछे गए। जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं दे पाने पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को अपने विभागीय कार्यों और योजनाओं की पूरी जानकारी रखने की हिदायत दी।
रोजाना मॉर्निंग विजिट, ग्रुप में साझा करनी होगी रिपोर्ट
प्रमुख सचिव ने जोन आयुक्तों, उपायुक्तों और अपर आयुक्तों को प्रतिदिन सुबह मैदानी निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी मॉर्निंग विजिट के दौरान शहर की सफाई, नागरिक सुविधाओं और निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लें तथा निरीक्षण की रिपोर्ट संबंधित ग्रुप में साझा करें।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। योजनाओं की प्रगति और निगरानी की व्यवस्था मुख्यालय स्तर पर भी मजबूत की जाए, ताकि समय पर कार्य पूरे हो सकें।
नागरिकों को उपभोक्ता मानकर करें काम
सोनमणि बोरा ने अधिकारियों को नागरिक-केंद्रित प्रशासन और ‘इज ऑफ लिविंग’ पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को उपभोक्ता की तरह मानकर उनकी समस्याओं का समयबद्ध और विनम्रता से समाधान किया जाना चाहिए।
उन्होंने ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म और एयरलाइन कंपनियों का उदाहरण देते हुए समझाया कि जिस तरह ग्राहक समय पर सेवा, उचित व्यवहार और शिकायतों के त्वरित निराकरण की अपेक्षा करता है, उसी तरह नागरिकों को भी सरकारी सेवाओं में बेहतर अनुभव मिलना चाहिए।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर
प्रमुख सचिव ने मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद और 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तिमाही में कार्यों की प्रगति स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। अधिकारियों और अभियंताओं को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
रायपुर में निर्माणाधीन नए नालंदा परिसर की समीक्षा करते हुए उन्होंने पुराने परिसर की कमियों को दूर करने और नए भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
वाटर और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में ऊर्जा बचत पर जोर
नगर निगम द्वारा संचालित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में बिजली की खपत कम करने के लिए ऊर्जा-कुशल तकनीकों के उपयोग के निर्देश दिए गए। उन्होंने नागरिक सेवाओं को सरल और तेज बनाने के लिए दस्तावेज उपलब्ध कराने, राजस्व वसूली और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में डिजिटल एवं आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर भी जोर दिया।
मार्च तक शीतला तालाब का पुनरोद्धार पूरा करने के निर्देश
मिशन अमृत 2.0 के तहत रायपुर के शीतला तालाब के पुनरोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य आगामी मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख सचिव ने तालाब के गहरीकरण, पिचिंग और पेवर ब्लॉक लगाने सहित अन्य कार्यों में निर्धारित समय-सीमा के अनुसार प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निदान-1100 के माध्यम से प्राप्त नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने के भी निर्देश दिए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त संचालक एस.के. सुंदरानी, मुख्य अभियंता राजेश शर्मा सहित नगर निगम के अपर आयुक्त, उपायुक्त, अभियंता और सभी जोनों के आयुक्त उपस्थित रहे।