रायपुर में 11 से 14 मार्च तक लगेगा iCONEQ 2026 एक्सपो, खनन व निर्माण क्षेत्र की आधुनिक मशीनों की होगी प्रदर्शनी


रायपुर। खनन और निर्माण क्षेत्र में उपयोग होने वाले उपकरणों और मशीनों की प्रदर्शनी iCONEQ 2026 का आयोजन 11 से 14 मार्च 2026 तक नया रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। इस आयोजन में देशभर से उद्योग से जुड़े निर्माता और विक्रेता भाग लेकर अपनी आधुनिक मशीनों और तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे।

इंडियन माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन एसोसिएशन (IMCA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आर्कॉनिक एक्सपो के प्रभारी अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी खनन और निर्माण क्षेत्र में उपयोग होने वाले उपकरणों और मशीनों की भव्य प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। इसमें देशभर से इस उद्योग से जुड़े निर्माता अपने-अपने स्टॉल लगाकर मशीनों और उपकरणों को प्रदर्शित करेंगे।

प्रदर्शनी में बैकहो लोडर, एक्सकैवेटर, रॉक ब्रेकर, वाइब्रो रीपर, लोडर, ट्रक, क्रेन, स्टोन क्रशर सहित विभिन्न आधुनिक मशीनों और उनके स्पेयर पार्ट्स का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे उद्योग से जुड़े विक्रेताओं और ग्राहकों को एक ही स्थान पर विभिन्न मशीनों और तकनीकों की जानकारी प्राप्त होगी।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष दुर्ग जिले में निर्मित एक नए उपकरण वाइब्रो रीपर को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जो खदानों में ब्लास्टिंग का एक नया विकल्प माना जा रहा है। साथ ही एक्सपो में आईआईटी के राष्ट्रीय स्तर के खनन विशेषज्ञ भी भाग लेंगे, जिनके अनुभव से उद्योग से जुड़े लोगों को लाभ मिलेगा।

अभिषेक पाण्डेय ने बताया कि इस बार एक्सपो को भारत सरकार के MSME विभाग की मान्यता प्राप्त हुई है। इसके तहत प्रदर्शकों को उनके वर्ग के अनुसार 80 से 100 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी, जिससे अधिक से अधिक कंपनियां इस आयोजन में भाग ले सकेंगी।

आयोजकों का कहना है कि iCONEQ 2026 एक्सपो खनन और निर्माण उद्योग के लिए नई तकनीकों, व्यापारिक अवसरों और नेटवर्किंग का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।


VIEW MORE

Category News