खुदकुशी के पीछे छिपे अदृश्य चेहरे


नरेन्द्र पाण्डेय, रायपुर :

“दिखाई बेशक न दे, पर शामिल जरूर होता है,

खुदकुशी करने वाले का कातिल जरूर होता है...”


सोशल मीडिया पर तैरती ये पंक्तियां सिर्फ emitional reaction नहीं, बल्कि हमारे समय की एक बेचैन सच्चाई हैं। हर आत्महत्या के बाद समाज एक “कातिल” खोजने निकल पड़ता है। लेकिन दुखद यह है कि हमारी खोज अक्सर केवल किसी चेहरे पर जाकर रुक जाती है — पति, पत्नी, ससुराल, प्रेमी या प्रेमिका। जबकि कई बार असली कातिल कोई व्यक्ति नहीं, बल्कि परिस्थितियों, मानसिक संघर्षों, सामाजिक दबावों और भावनात्मक अकेलेपन का वह अदृश्य गठजोड़ होता है, जिसे हम देखने से बचते हैं।


आज का डिजिटल समाज न्याय से ज्यादा प्रतिक्रिया में विश्वास करने लगा है। किसी भी घटना के कुछ घंटों के भीतर सोशल मीडिया अदालत सज जाती है। रील्स के बैकग्राउंड म्यूजिक, अधूरी जानकारियों और भावनात्मक पोस्टों के आधार पर लोग फैसला सुना देते हैं — कौन अपराधी है, कौन पीड़ित। जबकि सच हमेशा इतना सीधा नहीं होता।

ट्विशा जैसे मामलों में भी यही जल्दबाजी दिखाई देती है। एक तरफ मायके वालों का दर्द, आरोप और भावनात्मक बयान हैं, तो दूसरी तरफ ससुराल पक्ष की सफाइयां और अपनी पीड़ा। लेकिन सोशल मीडिया ने पहले दिन से ही एक पक्ष को “सत्य” और दूसरे को “अपराधी” मान लिया। यह संवेदनशीलता नहीं, बल्कि सामूहिक अधीरता का संकेत है।


सवाल यह नहीं कि कौन सही है और कौन गलत। सवाल यह है कि क्या हमने कभी मानसिक स्वास्थ्य की उस जटिल दुनिया को समझने की कोशिश की, जहां इंसान बाहर से सफल, आत्मविश्वासी और आधुनिक दिखते हुए भी भीतर से बुरी तरह टूट रहा होता है?

एक पढ़ी-लिखी, करियर-ओरिएंटेड, स्वतंत्र विचारों वाली महिला भी मानसिक अवसाद, भावनात्मक अस्थिरता या साइकोलॉजिकल डिसऑर्डर से जूझ सकती है। लेकिन भारतीय समाज आज भी मानसिक बीमारी को बीमारी नहीं मानता। यहां कैंसर या डायबिटीज पर सहानुभूति मिलती है, लेकिन डिप्रेशन, साइकोसिस या एडिक्शन पर ताने मिलते हैं। “पागल”, “मेंटल”, “ड्रामा” जैसे शब्द हमारे सामाजिक व्यवहार का हिस्सा बन चुके हैं।

यहीं से त्रासदी शुरू होती है।


मनोविज्ञान कहता है कि मानसिक रोग केवल मरीज को नहीं तोड़ता, वह पूरे परिवार की परीक्षा लेता है। एक डिप्रेशन या एडिक्शन से जूझ रहे व्यक्ति के साथ जीवन बिताना भावनात्मक रूप से बेहद थका देने वाला अनुभव हो सकता है। उसकी सोच, निर्णय क्षमता, गुस्सा, असुरक्षा और व्यवहार धीरे-धीरे रिश्तों को प्रभावित करने लगते हैं। लेकिन हमारे परिवारों को कभी यह सिखाया ही नहीं गया कि मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के साथ कैसे संवाद करें, कैसे धैर्य रखें और कैसे पेशेवर मदद लें।

भारतीय विवाह संस्था की एक और विडंबना यह है कि यहां आज भी स्त्रियों से “परफेक्ट बहू” बनने की उम्मीद की जाती है। यदि कोई लड़की मानसिक संघर्ष से गुजर रही हो, दवाइयां ले रही हो या भावनात्मक रूप से अस्थिर हो, तो उसकी तकलीफ को बीमारी नहीं, स्वभाव का दोष समझ लिया जाता है। वहीं दूसरी तरफ कई बार ससुराल पक्ष की हर प्रतिक्रिया को “क्रूरता” मान लिया जाता है, बिना यह समझे कि वे भी मानसिक तनाव और असमंजस से गुजर रहे हो सकते हैं।


मेरा यह विचार किसी पक्ष का बचाव नहीं, बल्कि उस “अदृश्य कातिल” की पहचान की कोशिश है, जो हमारे समाज में चुपचाप मौजूद है —

अकेलापन, भावनात्मक असुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति अज्ञान, सोशल मीडिया का भीड़तंत्र और रिश्तों में संवादहीनता।


आज कानूनी न्याय और सामाजिक न्याय के बीच की दूरी तेजी से खत्म हो रही है। अदालतें सबूत मांगती हैं, समय लेती हैं और तथ्यों के आधार पर निर्णय देती हैं। लेकिन सोशल मीडिया का न्याय भावनाओं पर चलता है। वहां किसी की पूरी जिंदगी कुछ सेकंड की रील और कुछ वायरल पोस्टों में तय कर दी जाती है। बाद में अगर सच कुछ और निकले, तो चरित्रहनन की भरपाई कौन करेगा?

एक मनोवैज्ञानिक दृष्टि से देखें तो आत्महत्या कभी एक दिन में लिया गया फैसला नहीं होती। यह लंबे समय तक भीतर पलते अवसाद, अस्वीकृति, अकेलेपन, अपराधबोध, असफल रिश्तों और मानसिक थकान का परिणाम होती है। और दुखद यह है कि समाज तब तक संकेत नहीं देखता, जब तक बहुत देर नहीं हो जाती।

इसलिए समाधान केवल कानून या सजा में नहीं है। समाधान सामाजिक पुनर्संरचना में है।

हमें मानसिक स्वास्थ्य को सामान्य स्वास्थ्य की तरह स्वीकार करना होगा। स्कूलों और कॉलेजों में “मेंटल हेल्थ फर्स्ट एड” पढ़ानी होगी। परिवारों को सिखाना होगा कि भावनात्मक संकट से जूझ रहे व्यक्ति के साथ कैसे खड़े रहें। केयर-गिवर सपोर्ट सिस्टम विकसित करने होंगे, ताकि मरीज के साथ-साथ उसका परिवार भी मानसिक बोझ से न टूटे।


सबसे जरूरी यह कि हमें “लोग क्या कहेंगे” की संस्कृति से बाहर निकलना होगा। घरों में मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बातचीत करनी होगी। बेटियों और बहुओं को “परफेक्ट” होने के बोझ से मुक्त करना होगा। विवाह को केवल सामाजिक संस्था नहीं, बल्कि दो मानसिक और भावनात्मक दुनियाओं के मिलन के रूप में समझना होगा।

क्योंकि सच यही है —

हर आत्महत्या के पीछे एक कातिल जरूर होता है।

लेकिन वह हमेशा कोई इंसान नहीं होता।

कई बार वह हमारा समाज होता है, हमारी संवेदनहीनता होती है, और वह अदृश्य अंधेरा होता है जिसे हम समय रहते पहचान नहीं पाते।


VIEW MORE

Category News