अभनपुर। सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पूरी करने और नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे डीएड अभ्यर्थियों का प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया, जब पुलिस प्रशासन ने उन्हें प्रदर्शन स्थल से हटाने की कोशिश की। अभ्यर्थियों का आरोप है कि उनकी मांगों पर सुनवाई करने के बजाय पुलिस ने बल प्रयोग किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस जवानों ने फायर ब्रिगेड की पाइप से नजदीक से ही प्रदर्शनकारियों पर पानी की तेज बौछार की। इसके बावजूद अभ्यर्थी मौके पर डटे रहे और नारेबाजी जारी रखी। इस दौरान कुछ महिला प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़कर पाइप पकड़ लिया और झूमा-झटकी करते हुए पानी की धार को रोकने का प्रयास किया। वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें हटाने की कोशिश की, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
हंगामे के बीच चार अभ्यर्थी बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल अभनपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण कर नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं। उनका आरोप है कि भर्ती में अनावश्यक देरी से उनका भविष्य अधर में लटक गया है।
फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार है।