बस्तर में 12 नवंबर से परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने के आसार हैं। अपनी लंबित मांगों को लेकर संयुक्त ड्राइवर संघ ने प्रदेशव्यापी स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन का ऐलान किया है। इस आंदोलन में बस्तर संभाग के वाहन चालक भी शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।
हड़ताल लंबी चली तो राशन, सब्जी, पेट्रोल-डीजल और खनिज परिवहन पर असर पड़ सकता है। यात्री बसों का संचालन प्रभावित होने से आम लोगों की आवाजाही भी मुश्किल हो सकती है। संघ की प्रमुख मांगों में ड्राइवर आयोग, वेलफेयर बोर्ड और ड्राइवर दिवस घोषित करना शामिल है। इसके अलावा चालकों के लिए आठ घंटे की निर्धारित ड्यूटी लागू करने की मांग उठाई जा रही है।
संघ का आरोप है कि वाहन मालिक कई बार चालकों से लगातार 24 घंटे तक गाड़ियां चलवाते हैं। इससे थकान के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और चालकों की सुरक्षा भी दांव पर रहती है। दुर्घटना में मृत या घायल चालकों के परिवारों को उचित मुआवजा और सामाजिक सुरक्षा देने की मांग भी शामिल है। संभागीय अध्यक्ष दुर्जनराम नाग, जिला अध्यक्ष जोगेश्वर पांडेय और महासचिव नलसिंग नाग ने शासन को मांगों से अवगत कराया है।
आत्मसमर्पित नक्सलियों के हाथों में अब किताबें
बस्तर में कभी माओवादी प्रभाव के चलते शिक्षा से दूर रहे इलाकों में अब अक्षर ज्ञान बदलाव का माध्यम बन रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग के उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम ने इस दिशा में नई पहल शुरू की है। कार्यक्रम के तहत आत्मसमर्पित नक्सलियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। उल्लास मेलों के माध्यम से उन्हें सीखने और आगे बढ़ने का अवसर भी दिया जा रहा है। वहीं अंदरूनी गांवों में विद्यार्थी स्वयंसेवक बनकर ग्रामीणों को पढ़ना-लिखना सिखा रहे हैं।
इस अभियान में सक्रिय विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए बोनस अंक देने का प्रावधान किया गया है। अब विद्यार्थी खुद शिक्षित होने के साथ गांव के दूसरे लोगों को भी साक्षर बना रहे हैं। दूसरी ओर दुर्गम वनांचल के स्कूलों की निगरानी के लिए डिजिटल व्यवस्था मजबूत की जा रही है। विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से शिक्षकों और विद्यार्थियों की रियल टाइम उपस्थिति दर्ज हो रही है। शिक्षक भर्ती, प्रशिक्षण और ऑनलाइन स्थानांतरण के जरिए स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुधारने पर जोर दिया जा रहा है। शिक्षा के जरिए पुनर्वास और ग्रामीण समाज में बदलाव की यह पहल बस्तर में नई उम्मीद जगा रही है।
मौसम खुलते ही खेतों में लौटी रौनक
बस्तर में दीपावली के बाद अब धान की तैयार फसल को समेटने की कवायद तेज हो गई है। पिछले दिनों चक्रवाती तूफान और बारिश ने किसानों की कटाई की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया था। खेतों में नमी और लगातार खराब मौसम के कारण किसान फसल काटने का इंतजार कर रहे थे। अब मौसम साफ होते ही ग्रामीण इलाकों में खेतों के भीतर फिर से चहल-पहल बढ़ गई है।
किसानों के सामने इस बार सबसे बड़ी चुनौती धान कटाई के लिए मजदूरों की उपलब्धता बनी हुई है। एक साथ फसल तैयार होने से मजदूरों की मांग बढ़ गई है, लेकिन जरूरत के मुताबिक मजदूर नहीं मिल रहे। ऐसे में कई किसान समय बचाने के लिए हार्वेस्टर से कटाई कराने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
वहीं कुछ गांवों में पारंपरिक तरीके से मजदूरों के जरिए धान कटाई और मिंजाई का काम जारी है। बारिश और तेज हवाओं से फसल को पहले ही नुकसान पहुंचा है, इसलिए किसान अब जोखिम नहीं लेना चाहते। किसानों की कोशिश है कि तैयार धान को जल्द से जल्द सुरक्षित घर और खलिहानों तक पहुंचाया जाए। मौसम अनुकूल रहा तो आने वाले दिनों में कटाई का काम और तेज होने की उम्मीद है।
कुआकोंडा में धान खरीदी केंद्र की जगह बदलने के निर्देश
दंतेवाड़ा जिले में धान खरीदी शुरू होने से पहले प्रशासन ने व्यवस्थाओं की पड़ताल तेज कर दी है। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने कुआकोंडा ब्लॉक का दौरा कर धान खरीदी केंद्र और पोटाकेबिन का निरीक्षण किया। धान खरीदी केंद्र का परिसर छोटा मिलने पर उन्होंने इसे दूसरी जगह शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि केंद्र में किसानों और वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह होनी चाहिए। खरीदी शुरू होने से पहले बारदाने, तौल व्यवस्था, भंडारण स्थल, पेयजल और छाया का इंतजाम करने को कहा गया। इसके बाद उन्होंने कुआकोंडा पोटाकेबिन पहुंचकर बच्चों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। यहां शौचालय की खराब स्थिति देखकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने जरूरत के अनुसार पुराने शौचालय की मरम्मत और नए शौचालय निर्माण की व्यवस्था करने को कहा। प्रशासन का जोर है कि किसानों को धान बेचने और बच्चों को आवासीय परिसर में रहने में परेशानी न हो। जिले में 15 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक 16 केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान सहकारी बैंक अधिकारी सूरज सिंह, डीएमसी हरीश गौतम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
खेतों से निकलकर मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों तक पहुंचे सुकमा के होनहार, क्षितिज कोचिंग ने बदली तस्वीर
सुकमा के दूरस्थ गांवों में खेती-किसानी करने वाले परिवारों के बच्चों ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा साबित की है। जिला प्रशासन की निःशुल्क क्षितिज कोचिंग पहल से दो विद्यार्थियों का एमबीबीएस और चार विद्यार्थियों का इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश हुआ है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच मिली यह सफलता जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि है। कलेक्टर अमित कुमार ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में सभी सफल विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत और संघर्ष की सराहना करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। सफलता के सम्मान में प्रशासन की ओर से सभी विद्यार्थियों को सैमसंग मोबाइल फोन उपहार स्वरूप दिए गए। चिंगावरम की साक्षी माड़वी का चयन नीट के जरिए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के लिए हुआ है।
वहीं कोर्रा निवासी आशीष कुंजाम ने नीट में सफलता हासिल कर दंतेवाड़ा मेडिकल कॉलेज में प्रवेश पाया है। साक्षी डॉक्टर बनकर वनांचल के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना चाहती हैं, जबकि आशीष दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का सपना रखते हैं। प्रशासन का उद्देश्य क्षितिज कोचिंग के जरिए ग्रामीण प्रतिभाओं को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन देना है। यह सफलता बता रही है कि सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो दूरस्थ अंचलों के युवा भी बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं।
राष्ट्रपति भवन तक पहुंची बस्तर की शिल्पकला, 11 कलाकारों को मिला विशेष आमंत्रण
कोंडागांव की पारंपरिक शिल्पकला अब स्थानीय बाजारों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि राष्ट्रपति भवन तक अपनी पहचान बना चुकी है। राष्ट्रपति भवन की ओर से भेजे जाने वाले विशेष निमंत्रण पत्रों की सजावट में जिले के बेलमेटल और लौह शिल्प को जगह मिली है। महाराष्ट्र, गोवा और छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों की चुनिंदा हस्तशिल्प सामग्रियों के साथ कोंडागांव की कलाकृतियों का भी चयन किया गया। स्थानीय कलाकारों की उत्कृष्ट कारीगरी से प्रभावित होकर राष्ट्रपति भवन ने उन्हें विशेष आमंत्रण भेजा है।
इस उपलब्धि के बाद जिले के 11 हस्तशिल्पियों का दल शुक्रवार को दिल्ली रवाना होने जा रहा है। इस दल में पारंपरिक बेलमेटल कलाकारों के साथ आठ लौह शिल्पकार भी शामिल हैं। ग्राम किड़ईछेपड़ा के सुनील विश्वकर्मा, अनिल विश्वकर्मा और नगीना विश्वकर्मा ने मिलकर लोहे की 700 आकर्षक घंटियां तैयार की थीं। इन्हीं कलाकृतियों ने पारंपरिक लौह शिल्प को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
कलाकार अपनी पारंपरिक वेशभूषा और भेंट स्वरूप ले जाने वाली कलात्मक वस्तुओं की तैयारी में जुटे हैं। प्रशासन की ओर से कलाकारों के दिल्ली प्रवास और यात्रा की आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यह उपलब्धि कोंडागांव की कला, बस्तर की सांस्कृतिक विरासत और पीढ़ियों से चले आ रहे पारंपरिक हुनर का बड़ा सम्मान है।
बचेली की शराब दुकान में फिर ओवररेटिंग के आरोप, बोतलों से प्रिंट रेट मिटाने की शिकायत
दंतेवाड़ा जिले के बचेली में शराब दुकान की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। इस बार ग्राहकों ने शराब की बोतलों पर दर्ज निर्धारित कीमत से अधिक वसूली किए जाने की शिकायत की है। आरोप है कि अलग-अलग ब्रांड की शराब पर 20 रुपये से लेकर 160 से 200 रुपये तक अतिरिक्त रकम ली जा रही है। शिकायतों में बोतलों पर छपे प्रिंट रेट को मिटाने या उसके साथ छेड़छाड़ करने की बात भी सामने आई है।
ग्राहकों का आरोप है कि वास्तविक कीमत दिखाई नहीं देने से उनसे मनमाने दाम वसूलना आसान हो जाता है। इसी दुकान से जुड़े पुराने मामले में कथित कमीशनखोरी और हेराफेरी के आरोपों में गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं। उस दौरान दुकान के संचालन में नीचे से ऊपर तक पैसे पहुंचाने और ब्रांडेड शराब की किल्लत दिखाने जैसे आरोप सामने आए थे। अब नए आरोपों के बाद आबकारी विभाग की निगरानी और कार्रवाई को लेकर फिर सवाल उठ रहे हैं।
ग्राहकों का कहना है कि निर्धारित दर से अधिक पैसे मांगने पर पहले भी कर्मचारियों से विवाद और कहासुनी हो चुकी है। मांग उठ रही है कि बोतलों के प्रिंट रेट, बिक्री बिल, स्टॉक और निर्धारित कीमतों का औचक निरीक्षण कर जांच की जाए। फिलहाल बड़ा सवाल यही है कि पुरानी शिकायतों और नए आरोपों के बावजूद बचेली की शराब दुकान की व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं हो रहा।
छठ महापर्व से पहले गंगा मुंडा तालाब की सफाई, घाटों पर रोशनी और सुरक्षा की तैयारी
जगदलपुर में छठ महापर्व को लेकर गंगा मुंडा तालाब पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।।सूर्य उपासना के इस पर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने तालाब परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान शुरू किया है।
अभियान के तहत घाटों की सीढ़ियों, पूजा स्थलों और आने-जाने वाले रास्तों की सफाई की जा रही है। तालाब परिसर में जमा कचरा, प्लास्टिक अपशिष्ट और जलकुंभी को हटाया जा रहा है। इस काम में प्रशासन के साथ स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों ने भी श्रमदान किया।
प्रशासन की योजना है कि दो दिनों तक चलने वाले इस अभियान के जरिए घाटों को पूरी तरह व्यवस्थित किया जाए। गुरुवार को भी सफाई अभियान जारी रहेगा, ताकि छठव्रतियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। सफाई के साथ घाटों पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने पर भी जोर दिया जा रहा है। पर्व के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अब प्रशासन की कोशिश है कि छठ महापर्व पर गंगा मुंडा तालाब में श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल मिल सके।