बाल आयोग और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के संयुक्त प्रयास से स्कूलों में गठित होंगे ‘बाल प्रहरी क्लब’


बाल संरक्षण में छत्तीसगढ़ का अनूठा नवाचार, बच्चे बनेंगे बच्चों के प्रहरी



रायपुर, । छत्तीसगढ़ में बाल अधिकारों की रक्षा और बच्चों को सुरक्षित, संरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक अभिनव पहल की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स (छत्तीसगढ़) के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के समस्त शासकीय एवं अशासकीय हाई स्कूलों (कक्षा 9वीं एवं 10वीं) तथा हायर सेकेंडरी विद्यालयों (कक्षा 11वीं एवं 12वीं) में ‘बाल प्रहरी समिति (बाल प्रहरी क्लब)’ के गठन एवं प्रभावी संचालन के लिए 13 नवंबर 2026 को महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) संपन्न हुआ। आयोग कार्यालय, रायपुर में आयोजित गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा की विशेष उपस्थिति में इस महत्वपूर्ण पहल को औपचारिक स्वरूप प्रदान किया गया। कार्यक्रम में आयोग के सचिव श्री बृजेंद्र सिंह सहित दोनों संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस पहल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें बच्चों को केवल बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें अपने सहपाठियों के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग एवं जिम्मेदार नेतृत्वकर्ता बनाया जाएगा। बाल आयोग के विधिक अधिकारों एवं संरक्षण संबंधी अनुभव तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की संगठनात्मक कार्यकुशलता को मिलाकर तैयार की गई यह पहल बाल संरक्षण के क्षेत्र में एक अभिनव मॉडल के रूप में विकसित की जा रही है। इसका मूल उद्देश्य बच्चों को बच्चों के अधिकारों का सजग प्रहरी बनाना है, ताकि किसी भी बच्चे के साथ होने वाले अन्याय, शोषण अथवा अधिकारों के उल्लंघन की जानकारी समय रहते संबंधित संस्थाओं तक पहुंच सके।


बाल प्रहरी क्लब की प्रमुख कार्ययोजना


1. प्रारंभिक चेतावनी तंत्र: बाल विवाह, बाल श्रम, नशावृत्ति, भिक्षावृत्ति एवं मानव तस्करी जैसी सामाजिक कुरीतियों और बाल अधिकारों के उल्लंघन की संभावित घटनाओं की समय रहते पहचान कर संबंधित संस्थाओं तक सूचना पहुंचाना।


2. शून्य ड्रॉपआउट की दिशा में प्रयास: लगातार अनुपस्थित रहने वाले अथवा संकटग्रस्त बच्चों की पहचान कर उन्हें सहयोग एवं परामर्श के माध्यम से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखने में मदद करना।


3. दस विषयों पर विशेष कार्ययोजना: प्रत्येक बाल प्रहरी क्लब दस प्रमुख विषयों पर कार्य करेगा। इनमें पांच स्थायी विषय बाल विवाह रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन, नशामुक्त परिसर, पॉक्सो अधिनियम के प्रति जागरूकता तथा साइबर सुरक्षा एवं मानव तस्करी की रोकथाम शामिल हैं। वहीं, शेष पांच विषय स्थानीय परिस्थितियों एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुसार निर्धारित किए जाएंगे। इनमें आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा, पलायन की निगरानी, स्ट्रीट चिल्ड्रन का पुनर्वास, किशोर स्वास्थ्य और अंधविश्वास उन्मूलन जैसे विषय शामिल होंगे।

VIEW MORE

Category News