नदी पार करते समय गहरे पानी में डूबा ग्रामीण, 6 घंटे की तलाश के बाद नगर सेना ने बरामद किया शव


कोरबा। जिले के कोरबी क्षेत्र में आजन नदी पार करते समय एक 50 वर्षीय ग्रामीण की डूबने से मौत हो गई। हादसा दही घाट के पास हुआ। नदी में डूबे पन्नालाल यादव की तलाश में जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने करीब 6 घंटे तक अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद उनका शव बरामद किया गया।


मृतक की पहचान पन्नालाल यादव के रूप में हुई है। वह ग्राम पंचायत बुढ़ापारा के रहने वाले थे। उनका घर और मवेशियों को रखने की जगह नदी के अलग-अलग किनारों पर है। इसी वजह से उन्हें रोजाना नदी पार करके अपने मवेशियों तक जाना पड़ता था।

बताया जा रहा है कि पन्नालाल कभी डोंगा (छोटी नाव) से तो कभी तैरकर आजन नदी पार करते थे। नदी के दूसरे किनारे पहुंचकर वह मवेशियों को चराने और उनकी देखभाल का काम करते थे। रोज की तरह नदी पार करने के दौरान ही वह हादसे का शिकार हो गए और पानी में डूब गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई। जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने करीब 6 घंटे तक नदी में खोजबीन की, जिसके बाद पन्नालाल का शव बरामद हो सका।

कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार योगी ने शव मिलने की पुष्टि की है। पुलिस फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया की जाएगी। हादसे के बाद बुढ़ापारा और आसपास के गांव में शोक का माहौल है।

VIEW MORE

Category News