पांच वर्षीय मासूम की हत्या से सनसनी… खेत के गड्ढे में बोरी और कंबल में लिपटा मिला शव, पुलिस ने संदेही रिश्तेदार को हिरासत में लिया…


जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्चे की हत्या का मामला सामने आया है। लोढ़ेनापाठ निवासी जितेंद्र राम का शव 7 नवंबर की सुबह ग्राम सन्ना में एक खेत के गड्ढे में मिला। बच्चे का शव बोरी, कंबल और गोदरी में लपेटकर रखा गया था। इस मामले में अब शरीर से आंखें और किडनी गायब होने के बेहद गंभीर आरोप भी सामने आए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामले में संदेही ममेरे चाचा वासुदेव उर्फ टांगनु को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।


5 नवंबर से लापता था मासूम, दो दिन बाद खेत में मिला शव

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम लोढ़ेनापाठ निवासी रामजीत राम ने 7 नवंबर 2026 को सन्ना थाने में अपने बेटे जितेंद्र राम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बच्चा 5 नवंबर से लापता था। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। इसी दौरान 7 नवंबर की सुबह ग्राम सन्ना में बहादुर नाम के व्यक्ति के खेत में बने गड्ढे में एक बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान लापता जितेंद्र राम के रूप में की।


बोरी, कंबल और गोदरी में लपेटकर छिपाया गया था शव

बच्चे का शव खेत में बने गड्ढे के अंदर बोरी, कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा तैयार कराया। इसके बाद पोस्टमार्टम कराया गया। शुरुआती जांच में हत्या करीब दो दिन पुरानी होने की बात सामने आई है।


आंखें और किडनी गायब होने के आरोप, फॉरेंसिक टीम कर रही जांच

मामले में एक और बेहद गंभीर पहलू सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि हत्या के बाद बच्चे की आंखें और किडनी भी गायब हैं। इस आरोप ने मामले को और गंभीर बना दिया है। घटना की सूचना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। हालांकि, शरीर से अंग गायब होने के दावों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही इस बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


मृतक के पिता का ममेरा भाई संदेही, हिरासत में लेकर पूछताछ

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान वासुदेव उर्फ टांगनु को हिरासत में लिया है। वह गोरियापाठ चलनी का निवासी बताया गया है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि संदेही वासुदेव और मृतक के पिता रामजीत राम आपस में ममेरे भाई हैं। पुलिस उससे हत्या के कारणों और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।


हत्या की वजह और अन्य पहलुओं का खुलासा बाकी

मामले में सन्ना पुलिस ने अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 137(1)(ख) और 238(क) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।भी नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जानकारी जांच के आगे बढ़ने पर अलग से दी जाएगी।

VIEW MORE

Category News