SDM तुलसीदास मरकाम निलंबित : गरियाबंद में अश्लील डांस मामला


गरियाबंद जिले में अश्लील नृत्य कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने SDM तुलसीदास मरकाम को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई 5 से 10 जनवरी 2026 के बीच आयोजित ओपेरा कार्यक्रम में अश्लील नृत्य की अनुमति देने और कर्तव्य में लापरवाही के आरोपों के बाद की गई है।

जांच में सामने आया कि ग्राम उरमाल, थाना देवभोग, तहसील अमलीपदर, विकासखंड मैनपुर में आयोजित ओपेरा कार्यक्रम के दौरान अश्लील नृत्य प्रस्तुत किया गया। वायरल वीडियो में डांसरों पर नोट उड़ाते हुए देखा गया। बताया गया कि SDM तुलसीदास मरकाम 9 जनवरी 2026 की रात कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे।

अपर कलेक्टर गरियाबंद द्वारा 14 जनवरी को प्रस्तुत जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि कार्यक्रम की अनुमति 29 दिसंबर 2025 को नियमों के विरुद्ध जारी की गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि कार्यक्रम के दौरान अश्लील गतिविधियां जारी रहीं, लेकिन रोकने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

कलेक्टर ने 11 जनवरी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। SDM ने 14 जनवरी को जवाब दिया, लेकिन उसे असंतोषजनक पाया गया। इसके बाद उन्हें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के उल्लंघन के आधार पर निलंबित कर दिया गया।

आयुक्त रायपुर संभाग एम.डी. कांवरे के आदेश के अनुसार, निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय जिला कार्यालय बलौदाबाजार-भाटापारा निर्धारित किया गया है। इस अवधि में तुलसीदास मरकाम को जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। आदेश तुरंत प्रभाव से लागू किया गया है।

VIEW MORE

Category News