रायपुर। राजधानी रायपुर के टैगोर नगर स्थित जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में सोमवार को भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग DEO कार्यालय के भंडार कक्ष में लगी, जहां महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज रखे हुए थे। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और आसपास के हिस्सों तक फैलने लगी। इस दौरान कई जरूरी दस्तावेज जलकर खाक हो गए, जिससे बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। वहीं स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच की जा रही है।