रीवा : जिले में शासकीय शिक्षण संस्थाओं में ई-अटेंडेंस (e-Attendance System) के निर्देशों का पालन नहीं करने वाले लोकसेवकों के खिलाफ विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। रीवा एवं मऊगंज जिले के ऐसे लोकसेवकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए है, जिनकी ई-अटेंडेंस 50 प्रतिशत से कम है। लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश के अनुसार सभी शिक्षण संस्थाओं में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को हमारे शिक्षक ऐप के माध्यम से संस्था पहुंचने के बाद कार्य शुरू करने से पहले निर्धारित समय में ई-अटेंडेंस लगानी है। ड्यूटी पूरी होने के बाद संस्था से ही वापस जाने पर भी ई-अटेंडेंस भी दर्ज करना अनिवार्य है।
दिए गए निर्देश
कई लोकसेवकों की ई-अटेंडेंस 50 प्रतिशत से कम मिली है। इसे शासन और स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना और लापरवाही मानते हुए कदाचार की श्रेणी में रखा गया गया है। संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपना जवाब और अभिमत तत्काल संस्था प्रमुख के समक्ष प्रस्तुत करें। संस्था प्रमुख जवाब को अभिमत के साथ विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भेजेंगे। जहां से सभी अभिलेखों के साथ जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट में किसी मृत या सेवानिवृत्त कर्मचारी का नाम होने पर संबंधित अधिकारी यह स्पष्ट करेंगे कि नाम पोर्टल से हटाने की कार्रवाई अब तक क्यों नहीं की गई।