17 दिन बाद भी खुली रही नाली! निगम आयुक्त के निर्देश के बावजूद वार्ड-17 में खतरा बरकरार


रवि कुमार अग्रवाल... (रायगढ़)। मानसून के मौसम में जलभराव, गंदगी और नालियों की साफ-सफाई व उस पर किये गये अतिक्रमण की समस्या से निपटने नगर निगम प्रशासन द्वारा लगातार व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में 30 जुलाई 2026 को नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने वार्ड नंबर-17 के नई सड़क मार्ग पर नाली की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान खुले नाले को देखते हुए संबंधित मातहत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जालीदार ढक्कन का ऑर्डर देकर नाली को जल्द ढकने के निर्देश दिए गए थे।


लेकिन तस्वीर की स्थिति यह सवाल खड़ा कर रही है कि निर्देश के 17 दिन बीत जाने के बाद भी नाली आखिर कब ढकेगी ? मौके की तस्वीर में नाली का बड़ा हिस्सा खुला नजर आ रहा है ऐसे में बारिश के मौसम में यह स्थान राहगीरों और आसपास के लोगों के लिए परेशानी एवं संभावित दुर्घटना का कारण बन सकता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार खुले नाले से लगातार दुर्गंध और मच्छरों की समस्या बनी हुई है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं नई सड़क मार्ग से गुजरने वाले पैदल राहगीरों एवं वाहन चालकों को भी खुले नाले के कारण सावधानी बरतनी पड़ रही है।


खास बात यह है कि नई सड़क मार्ग पर पशुओं का जमावड़ा भी अक्सर देखने को मिलता है। ऐसे में यदि खुले नाले को समय रहते नहीं ढका गया तो किसी पशु के उसमें गिरने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इसी तरह राहगीरों के लिए भी यह स्थान दुर्घटना का कारण बन सकता है, विशेषकर बारिश अथवा कम रोशनी के समय।

आयुक्त के निर्देश के बाद भी कार्यवाही लंबित


30 जुलाई को निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देश के बावजूद 17 दिन बाद भी नाली का खुला रहना यह दर्शाता है कि मैदानी स्तर पर निर्देशों के क्रियान्वयन की गति कितनी धीमी है। मानसून के दौरान खुले नाले को तत्काल सुरक्षित ढंग से ढंकना आवश्यक है, ताकि सफाई व्यवस्था के साथ-साथ आम नागरिकों और पशुओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।


अब देखना यह होगा कि निगम प्रशासन इस खुले नाले को जालीदार ढक्कन से कब तक ढंकता है, ताकि स्थानीय रहवासियों और राहगीरों को दुर्गंध, मच्छरों तथा संभावित दुर्घटना के खतरे से राहत मिल सके।

VIEW MORE

Category News