10 साल से टूटा विद्युत पोल बना खतरा, ग्रामीणों ने दी विरोध की चेतावनी


SCGNEWS : मरवाही। ग्राम पंचायत सचरा टोला, ग्राम देवरीडॉड के मुख्य बस्ती तिराहा पर पिछले लगभग 10 वर्षों से क्षतिग्रस्त विद्युत पोल ग्रामीणों के लिए खतरे का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों पहले रात के समय किसी अज्ञात वाहन ने विद्युत खंभे को टक्कर मार दी थी, जिससे खंभा जमीन की सतह से टूट गया। इसके बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

ग्रामीणों के अनुसार टूटा हुआ खंभा आज भी केवल बिजली के तारों के सहारे टिका हुआ है। किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए गांव के लोगों ने अपने स्तर पर एक अन्य टूटे हुए पोल को गाड़कर उसे सहारा दिया है। बावजूद इसके स्थिति पूरी तरह सुरक्षित नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। सड़क संकरी होने के कारण आपातकालीन वाहनों, कृषि कार्य में उपयोग होने वाले वाहनों तथा आम नागरिकों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या से विद्युत विभाग मरवाही के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि विभागीय उदासीनता के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

समस्या के समाधान में हो रही देरी से नाराज ग्रामीणों ने अनोखे विरोध का ऐलान किया है। ग्रामीणों ने बताया कि वे क्षतिग्रस्त पोल और समस्या की तस्वीरों की माला बनाकर 10 जून को ग्राम पंचायत चचेड़ी में आयोजित होने वाले सुशासन तिहार कार्यक्रम में संबंधित अधिकारियों को पहनाएंगे। साथ ही विरोध कार्यक्रम की तस्वीरें और ज्ञापन प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी भेजे जाएंगे।

ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए तत्काल नया विद्युत पोल स्थापित कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।


VIEW MORE

Category News