सुशासन तिहार 2026: संवाद से समाधान तक, पोड़ी में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित


SCG NEWS । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम पोड़ी में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। “संवाद से समाधान तक” की थीम पर आयोजित इस शिविर में 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर में प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण के लिए प्रेषित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने शिविर में लगाए गए 34 विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप प्रशासन स्वयं गांव-गांव और द्वार-द्वार पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

मिंज ने कहा कि राज्य सरकार की गारंटियों को धरातल पर उतारा जा रहा है और सुदूर क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

प्रत्येक आवेदन पर होगी संवेदनशील कार्रवाई

जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी आवेदकों को पावती दी जा रही है, जिसके माध्यम से वे अपने आवेदन की स्थिति जान सकेंगे।

उन्होंने बताया कि जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 24 जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की जानकारी देते हुए बताया कि अब पात्र श्रमिकों को 100 के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।



VIEW MORE

Category News