SCGNEWS : योग गुरु रामदेव ने सरकारी नौकरियों में कथित घोटालों को लेकर आंदोलन की चेतावनी दे दी है. उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी के इंटरव्यू में बड़े स्तर पर गड़बड़ी होती है और अपने जाति, वर्ग, संगठन के लोगों को फायदा पहुंचाकर दूसरों को बाहर कर दिया जाता है. 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के बाद मीडिया से बातचीत में रामदेव ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में इंटरव्यू के दौरान रिश्वत और सिफारिश की शिकायतें सामने आती हैं. उन्होंने स्कूल-कॉलेजों में सुविधाओं की कमी का भी मुद्दा उठाया.
उन्होंने कहा कि अगर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन करना पड़ सकता है. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अराजकता या आंदोलन के समर्थक नहीं हैं, लेकिन देश में हो रही गड़बड़ियों को ठीक करना जरूरी है. रामदेव ने राजनेताओं से भी आपस में लड़ने की बजाय देशहित में साथ काम करने की अपील की. उन्होंने कहा कि राजनेताओं को आपस में लड़ना नहीं चाहिए. लड़ने के लिए पाकिस्तान, विदेशी ताकतें हैं. उन्होंने कहा कि घृणा ठीक नहीं है. देश में जो अच्छा हो रहा है उसकी सराहना भी करनी चाहिए. एक दूसरे से नफरत नहीं करनी चाहिए.