साइबर अपराध से बचाव को लेकर कोटमी के साप्ताहिक बाजार में जागरूकता अभियान
By Admin 22/09/2026
GPM, कोटमी (मुकेश जायसवाल ) ।छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत कोटमी के साप्ताहिक बाजार में लोगों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के अंतर्गत “जागरूकता के साथ एक सेल्फी” कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कोटमी चौकी प्रभारी रामनिवास राठौर के नेतृत्व में चौकी के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने साप्ताहिक बाजार में पहुंचे लोगों से संवाद कर उन्हें साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने लोगों को विशेष रूप से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने, फर्जी कॉल एवं ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने तथा सोशल मीडिया का सतर्कता के साथ उपयोग करने की समझाइश दी। साथ ही साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा संबंधित साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।
इस जागरूकता अभियान में चौकी प्रभारी रामनिवास राठौर, प्रधान आरक्षक पवन राठौड़, राजेंद्र भारद्वाज, सैनिक रोशन कोटे, नरेंद्र सिंह पोर्ते, महिला सैनिक नंदिता सिंह एवं निर्मला मिंज सहित पुलिस स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही।
पुलिस टीम ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव में जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। आम नागरिकों को डिजिटल लेन-देन और इंटरनेट के उपयोग के दौरान सतर्क रहकर अपनी व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी सुरक्षित रखनी चाहिए।