रायपुर, 17 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर का महादेव घाट सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। खारुन नदी के पावन तट पर विराट दीपोत्सव एवं महाआरती ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में शामिल होकर प्रदेशवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की मंगलकामना की।
सवा लाख दीपों के एक साथ प्रज्वलित होने से महादेव घाट का पूरा परिसर रोशनी से नहा उठा। श्रद्धा, आस्था और जनभागीदारी के इस आयोजन के बीच खारुन मैया की भव्य महाआरती की गई।
मोदी के नेतृत्व में भारत ने हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धियां : साय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्रीय स्वाभिमान के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री दिन-रात देशवासियों की सेवा में जुटे हैं और उनके नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि खारुन मैया के तट पर प्रज्वलित सवा लाख दीप छत्तीसगढ़वासियों के प्रधानमंत्री मोदी के प्रति स्नेह, आत्मीयता और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति हैं।
अनुच्छेद 370 से राम मंदिर तक बड़े फैसलों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने ऐसे कई ऐतिहासिक निर्णय और परिवर्तन देखे हैं, जिनकी लंबे समय से प्रतीक्षा थी। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में विराजमान होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश ने नए आत्मविश्वास और सामर्थ्य का अनुभव किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्रहित में कई बड़े और दूरगामी निर्णय लिए गए हैं। उनके दृढ़ संकल्प और स्पष्ट दृष्टि ने विकास तथा जनकल्याण की गति को तेज किया है।
गरीब और अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति शासन के केंद्र में : साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए शासन का केंद्र गरीब और समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति रहा है। इसी सोच के अनुरूप गरीब परिवारों को पक्के आवास, शौचालय, जन-धन खाते, रसोई गैस कनेक्शन, खाद्यान्न सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने का काम किया गया।
उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के ध्येय के साथ सरकार ने गरीब की छोटी से छोटी जरूरत और जीवन को बेहतर बनाने वाली सुविधाओं को प्राथमिकता दी है।
प्रधानमंत्री के साथ काम करना सार्वजनिक जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव : साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने कार्य अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें केंद्र सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में काम करने का अवसर मिला।
साय ने कहा कि इस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री की कार्यशैली, अनुशासन, परिश्रम और जनसेवा के प्रति समर्पण को करीब से देखने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा और सुशासन को समर्पित रहे हैं।
छत्तीसगढ़ से प्रधानमंत्री का रहा है आत्मीय जुड़ाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ से गहरा आत्मीय जुड़ाव रहा है। प्रदेश के विकास को केंद्र सरकार से लगातार सहयोग और मार्गदर्शन मिला है। विशेष रूप से जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के विकास को प्रधानमंत्री की विकास दृष्टि में महत्वपूर्ण स्थान मिला है।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के साहस से छत्तीसगढ़ में माओवादी हिंसा के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि वर्षों तक हिंसा और पिछड़ेपन का सामना करने वाले बस्तर में अब शांति और विकास की नई संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। सड़क, बिजली, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार दूरस्थ क्षेत्रों तक हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि बस्तर में शांति के वातावरण का लाभ उठाते हुए प्राकृतिक संपदा, पर्यटन, संस्कृति और वनोपज आधारित अर्थव्यवस्था को स्थानीय लोगों की समृद्धि और रोजगार से जोड़ा जाए।
17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’
साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी इस अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपने गांव, शहर, मोहल्ले और समाज में सेवा के कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया।
रायपुर में करीब 32 लाख दीपों से शुभकामनाओं का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि महादेव घाट पर सवा लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई है। उन्होंने बताया कि राजधानी रायपुर में विभिन्न स्थानों पर लगभग 32 लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में दीप आशा, विश्वास, सकारात्मकता और प्रकाश का प्रतीक है। महादेव घाट पर जलाया गया प्रत्येक ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना के साथ सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का भी प्रतीक है।
साध्वी प्रज्ञा भारती ने की महाआरती, गीत का हुआ विमोचन
विराट दीपोत्सव के दौरान साध्वी प्रज्ञा भारती एवं आचार्यों ने विधि-विधान के साथ खारुन मैया की महाआरती की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी महाआरती में शामिल हुए।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा रचित एवं स्वरबद्ध गीत का मुख्यमंत्री ने विमोचन किया।
कार्यक्रम की संयोजक एवं राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और मोतीलाल साहू, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, कौशल्या साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, राज्य फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सनातन ध्वज वाहिनी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।