सरायपाली को 175 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन


SCG NEWS | रायपुर : सरायपाली, 23 सितंबर 2026। सरायपाली नगर पालिका क्षेत्र को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने नई मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 175 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम के दौरान 23 करोड़ 28 लाख 61 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 154 करोड़ 88 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

इन कार्यों में पेयजल व्यवस्था, सामुदायिक भवन, सड़क एवं अन्य अधोसंरचना विकास के साथ अमृत मिशन 2.0 से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

24 गांवों में पेयजल सुविधा

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जल जीवन मिशन के तहत रेट्रोफिटिंग एवं एकल ग्राम योजना के अंतर्गत सरायपाली क्षेत्र के 24 गांवों में पेयजल सुविधा से जुड़े लगभग 18.18 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए 5.10 करोड़ रुपये के कार्य भी पूर्ण किए गए हैं।

अमृत मिशन 2.0 के तहत 139 करोड़ से अधिक के कार्य

सरायपाली में अमृत मिशन 2.0 के तहत लगभग 139.55 करोड़ रुपये के जल प्रदाय संबंधी विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा लगभग 10.21 करोड़ रुपये की लागत से एसटीपी निर्माण तथा करीब 5.12 करोड़ रुपये के अन्य विकास एवं निर्माण कार्यों की भी शुरुआत की गई।

अमृत मिशन के तहत प्रस्तावित जल प्रदाय योजना से सरायपाली के बड़ी संख्या में परिवारों को पेयजल सुविधा मिलने की उम्मीद है।

विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरायपाली क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों के विकास कार्यों के लिए राशि की कमी नहीं होने दी जाएगी।

कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक चातुरी नंद, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

वहीं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती चंद्र, उपाध्यक्ष हेमंत प्रधान, राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया सहित पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

VIEW MORE

Category News