रायपुर : पुरंदर मिश्रा राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित उन्नत चिकित्सा उपकरण वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह कार्यक्रम आईडीबीआई बैंक द्वारा सामुदायिक कल्याण और जनस्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण प्रदान किए गए, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकेंगी। विधायक पुरंदर मिश्रा ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज और स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रति इस प्रकार की जिम्मेदार भागीदारी अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा विद्युत चालित ई-रिक्शा से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उनकी यह पहल कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से उन्होंने विद्युत चालित वाहन अपनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने नागरिकों से भी पेट्रोल-डीजल की बचत, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण के लिए विद्युत वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।
विधायक ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से ही राष्ट्रनिर्माण का बड़ा लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में चिकित्सक, बैंक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।