रिसॉर्ट में भिलाई की युवती की संदिग्ध मौत, साथियों के फरार होने से मामला और उलझा


राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनगट्टा स्थित विसलीइंग वुड रिसॉर्ट में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान भिलाई-3 निवासी 24 वर्षीय मुस्कान तिवारी के रूप में हुई है। मुस्कान भिलाई-3 स्थित एक मल्टीप्लेक्स सिनेमाज में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी और उसे मॉडलिंग का भी शौक था। बताया जा रहा है कि वह अपने कुछ दोस्तों के साथ रायपुर के एक क्लब में पार्टी करने गई थी। इसके बाद सभी दोस्त राजनांदगांव के मनगट्टा स्थित विसलीइंग वुड रिसॉर्ट पहुंचे थे।


घटना के दौरान सभी लोग रिसॉर्ट में भोजन कर रहे थे, इसी बीच मुस्कान अचानक वहां से गायब हो गई। कुछ देर बाद उसे रिसॉर्ट के बाथरूम में अचेत अवस्था में पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही उसके दोस्तों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सोमनी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया। पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।



VIEW MORE

Category News