रायपुर। राजधानी के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण अस्पताल परिसर में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल के सीवरेज टैंक (गटर) की सफाई करने उतरे तीन सफाईकर्मियों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य कर्मचारी की हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र की है।मिली जानकारी के अनुसार, सफाई के दौरान टैंक के अंदर मौजूद अत्यधिक जहरीली गैस के संपर्क में आने से तीनों सफाईकर्मी तत्काल बेहोश हो गए। दम घुटने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अनमोल मांझी, गोविंद सेंद्रे और पेर्रा कुमार के रूप में की गई है। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने अब तक केवल दो मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। परिजनों को अस्पताल के अंदर जाने से रोके जाने पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने अस्पताल पर पत्थरबाजी कर अपनी नाराजगी जताई। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई। अस्पताल के बाहर मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बिगड़ते हालातों को देखते हुए प्रशासन ने अस्पताल परिसर और बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल चौथे कर्मचारी का उपचार अस्पताल में ही जारी है।