SCG NEWS । प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने पीएम जनमन योजना के अंतर्गत संचालित गतिविधियों का अनौपचारिक निरीक्षण किया और पीवीटीजी परिवारों से सीधे संवाद कर योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का वास्तविक हाल जाना।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने पीएम जनमन आवास योजना के हितग्राही रामसिंह बैगा से मुलाकात की और राशन कार्ड, आधार, बैंक खाता व आवास सहित अन्य योजनाओं के लाभों पर विस्तृत चर्चा कर सीधे फीडबैक प्राप्त किया। रामसिंह बैगा ने सर्वे सेतु पीवीटीजी परिवार सर्वे कार्यक्रम में स्वयं बटन दबाकर प्रक्रिया में सहभागिता निभाई।
हितग्राही ने बताया कि शासन की योजनाओं से परिवार के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है; दस्तावेजों और मूलभूत सुविधाओं की पहुंच आसान हुई है और पक्का आवास मिलने से परिवार अब सुरक्षित जीवन जी पा रहा है।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीवीटीजी परिवारों तक योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से पहुँचाया जाए और सभी पात्र हितग्राहियों को जोड़ने के लिए सतत अभियान चलाया जाए, ताकि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचे।
निरीक्षण में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने पीएम जनमन योजना, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं की प्रगति से संबंधित जानकारी दी। डीएफओ अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।