मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 62वाँ जन्मदिवस: सेवा, संस्कार और स्नेह के साथ मनाया गया विशेष दिन


रायपुर/जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 62वाँ जन्मदिवस पूरे प्रदेश में उत्साह, आत्मीयता और जनसहभागिता के साथ मनाया गया। राजधानी रायपुर से लेकर गृहग्राम बगिया और जशपुर तक दिनभर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित हुई।


रक्तदान शिविर से की दिन की शुरुआत

राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया। भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए कहा, “रक्तदान महादान है, यह मानवता की सच्ची सेवा है।”

अल्फा ग्लोब फाउंडेशन, रायपुर तथा शिवनाथ ब्लड सेंटर के सहयोग से 62 यूनिट रक्तदान की विशेष व्यवस्था की गई थी। संस्था ने वर्षभर में 11 हजार यूनिट रक्त संग्रह का संकल्प भी लिया है। इस अवसर पर सुरक्षित यातायात जागरूकता अभियान भी चलाया गया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।


जशपुर के श्री जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिवस पर जशपुर जिले के दोकड़ा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की विधि-विधानपूर्वक पूजा की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की मंगलकामना करते हुए जनकल्याण को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।


बालक आश्रम में बच्चों संग आत्मीय उत्सव

जशपुर के बगिया स्थित बालक आश्रम में मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया। बच्चों से संवाद करते हुए उनके सपनों को सुना और पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा, “आप सबकी मुस्कान ही मेरे जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है।”

आश्रम में कक्षा पहली से पांचवीं तक के अधिकांश आदिवासी छात्र अध्ययनरत हैं। बच्चों ने इस अवसर को अविस्मरणीय अनुभव बताया।


गृहग्राम बगिया में पारिवारिक वातावरण

मुख्यमंत्री अपने गृहग्राम बगिया पहुंचे और सबसे पहले अपनी माता जसमनी देवी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन हुआ, जिसमें परिवारजनों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। दिनभर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों का शुभकामनाओं का तांता लगा रहा।


खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन

इचकेला के शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास की राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मुख्यमंत्री ने 15 क्रिकेट किट प्रदान की। उन्होंने छात्राओं को अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।


पहाड़ी कोरवा समाज से संवाद

विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक वेशभूषा में मुख्यमंत्री से भेंट की। मुख्यमंत्री ने उनके क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली और विशेष जनजातियों के सर्वांगीण विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।


राजधानी में देर रात तक बधाईयों का सिलसिला

रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में देर रात तक जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों और आम नागरिकों का आगमन जारी रहा। मुख्यमंत्री को फलों से तौला गया।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों, विधायकों और विभिन्न आयोग-मंडलों के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।


विशेष बच्चों संग खुशियां साझा

प्रोजेक्ट धड़कन और जिंदगी मुस्कुराएगी के अंतर्गत उपचारित बच्चों ने मुख्यमंत्री से मिलकर जन्मदिन की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्रेरक पुस्तकें भेंट कीं और उनका हौसला बढ़ाया।

प्रोजेक्ट दिव्य धुन और कला केंद्र के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी मुख्यमंत्री ने सराहना की।


सामाजिक संगठनों ने किया सम्मान

सिख समाज ने पवित्र कृपाण, महिला अधिवक्ताओं ने पगड़ी, शदाणी दरबार ने सरोपा, रामनामी संस्था ने रामनामी मुकुट और शॉल भेंट कर मुख्यमंत्री का सम्मान किया। विभिन्न सामाजिक और साहित्यिक संगठनों ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनस्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

VIEW MORE

Category News