रायपुर, 14 सितंबर 2026। सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत महासमुंद जिले में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिलेभर में करीब 6 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा को समर्पित यह आयोजन जिले में जनभागीदारी के बड़े उत्सव के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
अटल परिसर में जलेंगे 8 हजार दीप
कार्यक्रम का मुख्य आयोजन अटल परिसर, महासमुंद में होगा, जहां करीब 8 हजार दीपों से परिसर को रोशन किया जाएगा। इसके अलावा जिले के प्रमुख मंदिरों, चौक-चौराहों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, पंचायत भवनों, पीडीएस भवनों, अमृत सरोवरों, ग्रामीण बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से ‘हर घर एक दीया’ जलाकर इस जनअभियान में सहभागी बनने की अपील की है।
शाम 7 बजे एक साथ होगा दीप प्रज्ज्वलन
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर की शाम महासमुंद जिले में सेवा और संकल्प की सामूहिक रोशनी दिखाई देगी। आयोजन को लेकर समयबद्ध कार्यक्रम तय किया गया है।
शाम 5 से 6 बजे तक चिन्हित स्थलों पर साज-सज्जा, बैठक तथा ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था पूरी की जाएगी। शाम 6 से 6:30 बजे तक दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी और रंगोली प्रदर्शन होगा। इसके बाद शाम 7 बजे जिला मुख्यालय सहित चिन्हित शहरी चौक, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों और मोहल्लों में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों की सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में जलेंगे 5.51 लाख से अधिक दीप
ग्रामीण क्षेत्रों में इस अभियान के तहत 5 लाख 51 हजार से अधिक दीप जलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रत्येक शासकीय प्रतिष्ठान, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास, अमृत सरोवर, पंचायत भवन, पीडीएस भवन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
विकासखंडवार लक्ष्य इस प्रकार है—
- महासमुंद: करीब 1.05 लाख दीप
- बसना: करीब 1.02 लाख दीप
- पिथौरा: करीब 1.26 लाख दीप
- बागबाहरा: करीब 1.11 लाख दीप
- सरायपाली: करीब 1.07 लाख दीप
इस तरह ग्रामीण क्षेत्रों में ही करीब 5.51 लाख दीपों से सेवा और संकल्प की रोशनी बिखरेगी।
नगरीय क्षेत्रों में भी होगा सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन
नगरीय क्षेत्रों में बसना, पिथौरा, तुमगांव और सरायपाली में करीब 20 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाने का लक्ष्य है।
जिले में प्रारंभिक रूप से करीब 5.83 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जनभागीदारी के माध्यम से इस संख्या को बढ़ाकर करीब 6 लाख दीप तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
तैयारियों की समीक्षा, 16 सितंबर तक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद ने टास्कफोर्स और सभी नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं 16 सितंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यक्रम में जिले के प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अधिकारियों को चिन्हित स्थलों पर दीप, प्रकाश, साज-सज्जा, रंगोली, बैठक और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
‘हर घर एक दीया’ से जुड़ेगा आम नागरिक
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उद्देश्य केवल दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से सेवा, समर्पण, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों, ग्रामीणों, नगरीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक समूहों की भागीदारी रहेगी। आम नागरिक अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाकर अभियान से जुड़ सकेंगे।
प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद ने जिलेवासियों से 17 सितंबर को ‘हर घर एक दीया’ जलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से जलने वाला प्रत्येक दीप सेवा और सुशासन के संकल्प को मजबूती देगा।
17 सितंबर की शाम महासमुंद जिले में लाखों दीपों की रोशनी के बीच ‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प का संदेश देगा।