महाराजबंध तालाब बचाओ अभियान का समापन, 32 दिनों में 74 ट्रक कचरा हटाया


रायपुर। ग्रीन आर्मी द्वारा संचालित “महाराजबंध तालाब बचाओ एवं जल शुद्धिकरण अभियान” का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह अभियान 11 दिसंबर से 11 जनवरी तक लगातार 32 दिनों तक चला, जिसके दौरान तालाब की सफाई, संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए निरंतर श्रमदान किया गया। अभियान के तहत महाराजबंध तालाब से कुल 74 ट्रक कचरा और मलबा बाहर निकाला गया, जिससे तालाब की स्वच्छता, जल प्रवाह और पर्यावरणीय स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

अभियान के समापन अवसर पर वायु शुद्धिकरण के उद्देश्य से 1008 लोगों द्वारा 1008 अग्निहोत्र का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही, भविष्य में तालाब की नियमित देखरेख और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए 25 सदस्यों की महाराजबंध संरक्षण समिति का गठन भी किया गया।

कार्यक्रम में विधायक (रायपुर दक्षिण) सुनील सोनी एवं पूज्य महंत राम सुंदर दास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर माधव सेवा आश्रम, भोपाल से नलिनी दीदी, डॉ. पोद्दार सहित सामाजिक, धार्मिक एवं पर्यावरण क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

ग्रीन आर्मी ने बताया कि अभियान की रूपरेखा दो माह पूर्व तैयार की गई थी और तालाब की सफाई को लेकर संबंधित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा गया था। अपेक्षित कार्रवाई न होने पर स्थानीय नागरिकों के सहयोग से स्वयं श्रमदान कर सफाई कार्य प्रारंभ किया गया, जो धीरे-धीरे एक व्यापक जनआंदोलन का रूप लेता गया।

अभियान के दौरान नगर निगम ने भी कुछ दिनों तक सहयोग प्रदान किया, जिसके अंतर्गत जेसीबी मशीन और श्रमिक उपलब्ध कराए गए। ग्रीन आर्मी ने नगर निगम के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

सफाई अभियान के दौरान तालाब से 25 से अधिक धार्मिक झांकियों के अवशेष, घाटों पर वर्षों से जमी गंदगी, सिंगल यूज प्लास्टिक और अन्य ठोस अपशिष्ट हटाए गए। घाटों की विशेष सफाई कर उन्हें पुनः उपयोग योग्य बनाया गया।

इस अभियान में स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं, महिलाओं, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई, जिससे समाज में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ी।

समापन अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ग्रीन आर्मी ने अभियान की उपलब्धियों, अनुभवों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी पत्रकारों को दी।

ग्रीन आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अमिताभ दुबे ने कहा कि,

“महाराजबंध तालाब बचाओ अभियान यह संदेश देता है कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक संस्था या सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारा उद्देश्य केवल सफाई नहीं, बल्कि तालाबों के दीर्घकालीन संरक्षण के लिए स्थायी व्यवस्था तैयार करना है।”

वहीं, ग्रीन आर्मी के प्रोग्राम डायरेक्टर शशिकांत यदु ने कहा कि,

“समाज, संस्था और प्रशासन के समन्वय से ही ऐसे अभियान सफल होते हैं। नवगठित महाराजबंध संरक्षण समिति के माध्यम से तालाब की नियमित निगरानी और संरक्षण कार्य आगे भी जारी रहेगा।”

VIEW MORE

Category News