महापौर का जीरो टॉलरेंस संदेश,पीएम सूर्यघर योजना को लेकर भी अहम निर्देश



रायपुर। राजधानी रायपुर की एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई अत्यंत अमानवीय, जघन्य और घृणित घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। यह केवल एक अपराध नहीं, बल्कि समाज, संवैधानिक मूल्यों और मानवता पर सीधा हमला है। इस मामले में प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि ऐसे अपराधों के लिए किसी भी स्तर पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे बिना एक क्षण गंवाए तत्काल एक्शन मोड में आईं और स्वयं आरोपी की दुकान पर पहुँचीं। मौके पर ही नगर निगम की ओर से आरोपी से जुड़े अवैध निर्माण पर नोटिस चस्पा कराया गया। यह कार्रवाई महज़ एक औपचारिक नोटिस नहीं, बल्कि कानून का स्पष्ट और कठोर संदेश है कि अपराधियों के लिए अब कोई ढाल नहीं बचेगी।

महापौर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आरोपी से संबंधित सभी अवैध निर्माणों पर नियमानुसार तुरंत, कठोर और निष्कर्ष तक पहुँचने वाली कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा—

“मासूम बच्चियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।

ऐसे दरिंदों के लिए न समाज में जगह है, न प्रशासन में कोई रहम।”

नगर निगम स्तर पर जो भी वैधानिक कार्रवाई बनती है, उसे तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन इस पूरे मामले में सख्ती, संवेदनशीलता और जीरो-टॉलरेंस नीति के साथ कार्य कर रहा है। इस कठिन समय में महापौर ने पीड़ित बच्ची और उसके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएँ प्रकट कीं।


चिंगरी नाला सफाई अभियान की सतत मॉनिटरिंग

वहीं दूसरी ओर, पूर्व केबिनेट मंत्री एवं रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे तथा आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर नगर निगम स्वास्थ्य विभाग द्वारा जोन क्रमांक 8 अंतर्गत चिंगरी नाला में पोकलेन मशीनों के माध्यम से निरंतर सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है।

प्रतिदिन सतत मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि खारून नदी में गंदा पानी ओवरफ्लो न हो और सीवरेज सीधे एसटीपी तक पहुँचे, जिससे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट पूरी क्षमता से कार्य कर सके।

आज नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर चिंगरी नाला में चल रहे पोकलेन मशीनों से सफाई अभियान की प्रगति का प्रत्यक्ष निरीक्षण अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय ने किया। इस दौरान जोन 8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, सहायक अभियंता एवं सहायक नोडल अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन योगेश कडु तथा जोन स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन उपस्थित रहे। स्थल समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।


पीएम सूर्यघर योजना को लेकर महापौर की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की समाजहितकारी मंशा के अनुरूप तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ राज्य में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत पावर वितरण कंपनी के माध्यम से संचालित पीएम सूर्यघर योजना को लेकर नगर निगम स्तर पर जागरूकता अभियान तेज किया जा रहा है।

नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने राजधानी के सभी वार्ड पार्षदों से अपील की है कि वे अपने-अपने घरों में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत पावर वितरण कंपनी के माध्यम से सोलर पैनल लगवाकर राष्ट्रहित में विद्युत की बचत का सकारात्मक संदेश दें। साथ ही अपने वार्ड क्षेत्रों के नागरिकों को पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक संख्या में लाभ लेने के लिए जागरूक करें, ताकि स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।

VIEW MORE

Category News