मरवाही। मरवाही वनमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में 52 हाथियों के दल के संभावित विचरण को लेकर वन विभाग ने ग्रामीणों और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग के अनुसार रूमगा, मटियादांड़, बहरीझोरकी, मगुर्दा, दानीकुंडी, मरवाही, पीपरडोल सहित आसपास के क्षेत्रों में हाथियों की गतिविधियां होने की संभावना है।
वन विभाग ने लोगों से हाथियों के नजदीक नहीं जाने और उन्हें किसी भी तरह से परेशान नहीं करने की अपील की है। विभाग ने विशेष रूप से फोटो या वीडियो बनाने के लिए हाथियों का पीछा नहीं करने की चेतावनी दी है।
शाम और रात में विशेष सावधानी
वन विभाग ने ग्रामीणों को शाम और रात्रि के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। हाथियों की मौजूदगी वाले संभावित क्षेत्रों में अकेले जाने से बचने तथा वन क्षेत्र के आसपास सावधानी रखने को कहा गया है।
विभाग ने अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलती है तो लोग स्वयं उनके पास जाने के बजाय तत्काल वन अमले को सूचना दें, ताकि आवश्यक सुरक्षा एवं निगरानी की कार्रवाई की जा सके।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों को सुरक्षित रास्ता दिया जाए और उनके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ न की जाए। विभाग का संदेश है—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।