भोपाल : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार, 4 सितंबर को राजधानी में भक्ति और संस्कृति का रंग देखने को मिलेगा। शहर में अलग-अलग स्थानों पर धार्मिक आयोजन होंगे। श्री हरिहर महोत्सव समिति की ओर से 14वीं बार भव्य जन्माष्टमी शोभायात्रा निकाली जाएगी, वहीं इस्कॉन पटेल नगर में विशेष जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित होगा। दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
21 जगह माखन-मटकी फोड़ेंगे श्रीकृष्ण
श्री हरिहर महोत्सव समिति की शोभायात्रा श्रीजी मंदिर लखेरापुरा से दोपहर 12:30 बजे शुरू होगी। शोभायात्रा में 21 स्थानों पर श्रीकृष्ण ग्वालों के साथ माखन-मटकी फोड़ते नजर आएंगे। कैलाश पर्वत पर शिव-पार्वती, झूले पर राधा-कृष्ण और वासुदेव द्वारा श्रीकृष्ण को ले जाते हुए झांकियां भी शामिल होंगी।
राजा भोज की जीवंत झांकी देगी पर्यावरण बचाने का संदेश
इस बार शोभायात्रा का खास आकर्षण राजा भोज की जीवंत झांकी होगी। इसमें राजा भोज पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश देते नजर आएंगे। झांकी के जरिए प्राकृतिक संसाधनों को बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। शोभायात्रा में भगवान श्रीजी की प्रतिमा के साथ मंडला-डिंडोरी की नृत्य टोलियां, नरसिंहगढ़ और ब्यावरा के बैंड, 21 ढोल, डीजे बैंड, घोड़ा-बग्गी और दुलदुल घोड़ी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।