रायपुर। भारतमाला परियोजना जमीन मुआवजा घोटाला मामले में लंबे समय से फरार तत्कालीन एसडीएम निर्भय कुमार साहू को ईओडब्ल्यू एसीबी ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। ईओडब्ल्यू एसीबी ने उसे पूछताछ के लिए 30 मार्च तक के लिए रिमांड पर लिया है।जांच एजेंसी के अनुसार रायपुर-विशाखापट्नम और दुर्ग बायपास भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गई हैं। तत्कालीन एसडीएम निर्भय कुमार साहू पर पद का दुरुपयोग करते हुए आपराधिक षड्यंत्र रचने का आरोप है। उन्होंने अपने अधीनस्थ पटवारी, राजस्व निरीक्षक और जमीन कारोबारियों, हरमीत सिंह खनूजा व उमा तिवारी सहित अन्य के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से गड़बड़ी को अंजाम दिया।रोप है कि, तहसील अभनपुर के ग्राम नायकबांधा, उगेतरा, उरला, भेलवाडीह और टोकरो की प्रभावित भूमि को पिछली तिथि से अलग-अलग उपखंडों में विभाजित किया गया। इसके बाद वास्तविक मुआवजा राशि से कई गुना अधिक भुगतान किया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि नायकबांधा जलाशय की पूर्व में अधिग्रहित भूमि को भारतमाला परियोजना के लिए दोबारा अधिग्रहित दिखाकर मुआवजा जारी किया गया। इस अनियमितता से शासन को करोड़ों रुपये की आर्थिक क्षति हुई। फिलहाल, ईओडब्ल्यू-एसीबी की टीम आरोपी से इस मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका के बारे में विस्तृत पूछताछ कर रही है।