बोड़ला में 60 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, कॉलेजों में स्मार्ट बोर्ड और AI तकनीक पर जोर


रायपुर, 13 अक्टूबर 2026। कबीरधाम जिले के बोड़ला में प्रशासनिक सुविधाओं और उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में पहल की गई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को 60 लाख रुपये की लागत से होने वाले दो विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने 40 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा की। महाविद्यालय में स्मार्ट बोर्ड, इंटरनेट सुविधा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी।


एसडीएम कार्यालय और महाविद्यालय में बनेंगे नए भवन

भूमिपूजन के तहत एसडीएम कार्यालय बोड़ला में 30 लाख रुपये की लागत से सभा कक्ष सह सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया जाएगा। वहीं, शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में 30 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष बनाया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने इसके अलावा 40 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। इसमें महाविद्यालय में बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, बालिका शौचालय के लिए 4.60 लाख रुपये, ग्राम भीरा में मंगल भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये और सीसी रोड निर्माण के लिए 10.40 लाख रुपये शामिल हैं।

इन कार्यों से क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

विद्यार्थियों से बोले विजय शर्मा—तकनीक के स्वामी बनें, उसके गुलाम नहीं

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नवाचार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग ज्ञान बढ़ाने, अपनी क्षमताओं को विकसित करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने में करना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे तकनीक के स्वामी बनें, तकनीक उनका स्वामी न बने। ChatGPT, Gemini, Grok और Perplexity जैसे AI टूल्स का उपयोग पढ़ाई, जानकारी जुटाने और रचनात्मक कार्यों को बेहतर बनाने के लिए किया जा सकता है। हालांकि, तकनीक का उपयोग विवेकपूर्ण तरीके से करना जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक अपनाने के साथ अपने संस्कारों और मूल्यों को बनाए रखने की भी सलाह दी।


85 स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड लगाने की योजना

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए विधानसभा क्षेत्र के 85 स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड लगाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इनमें से 50 स्थानों पर स्मार्ट बोर्ड लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष 35 स्थानों पर भी इन्हें लगाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से विज्ञान, गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान जैसे विषयों की जटिल अवधारणाओं को वीडियो और डिजिटल सामग्री के जरिए आसानी से समझाया जा सकेगा। इसके साथ ही छात्रावासों और महाविद्यालयों में भी डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

NDA, CGPSC, UPSC और NEET की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग की पहल

विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता देने के लिए ऑनलाइन कोचिंग और काउंसलिंग की सुविधा विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके तहत NDA, CGPSC, UPSC, कर्मचारी चयन आयोग और NEET जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक लक्ष्य और करियर के अनुरूप मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

विजय शर्मा ने विद्यार्थियों से नई तकनीक सीखने, सकारात्मक सोच अपनाने और निरंतर अभ्यास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, नवाचार और लगातार प्रयासों से सफलता हासिल की जा सकती है।


जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष बालका रामकिंकर वर्मा, नगर पंचायत बोड़ला अध्यक्ष विजय पाटिल, बरसाती लाल वर्मा, छोटूराम चंद्रवंशी, मोहन धुर्वे, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, जिला पंचायत सदस्य ललिता रूपसिंग धुर्वे, कांशीराम उईके और सरपंच रेशमा बाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

VIEW MORE

Category News