रायपुर । बस्तर संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश और कई क्षेत्रों में जलभराव एवं बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने संभाग के सभी जिलों के कलेक्टरों से दूरभाष पर चर्चा कर मौजूदा हालात की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों, नदी-नालों के जलस्तर, आवागमन की स्थिति तथा प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मंत्री कश्यप ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां जलभराव या बाढ़ जैसी स्थिति बन रही है, वहां तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।
उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल, आवश्यक दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही राहत शिविरों में प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों की विशेष जरूरतों का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
नदी-नालों और संवेदनशील इलाकों पर निगरानी
मंत्री ने निचले और संवेदनशील क्षेत्रों के साथ-साथ नदी-नालों के जलस्तर की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मार्गों, पुल-पुलियों या रपटों पर पानी बह रहा हो, वहां लोगों के आवागमन को तत्काल रोका जाए।
आवश्यकता के अनुसार पुलिस और प्रशासन की टीम तैनात कर बैरिकेडिंग एवं अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि लोग जोखिम उठाकर जलमग्न रास्तों को पार न करें।
दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों पर विशेष फोकस
मंत्री कश्यप ने बस्तर के ग्रामीण, वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक समय पर राहत पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण यदि संपर्क मार्ग प्रभावित होते हैं तो वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं।
उन्होंने राहत दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ सतर्क रखने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जिला स्तर पर स्थिति की लगातार समीक्षा की जाए और आवश्यकता के अनुसार संसाधनों की तत्काल व्यवस्था की जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि किसी भी प्रभावित परिवार तक सहायता पहुंचाने में देरी न हो।
स्वास्थ्य अमले को सतर्क रहने के निर्देश
लगातार बारिश और जलभराव के बाद उत्पन्न होने वाली संभावित स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले को भी सतर्क रखने के निर्देश दिए। राहत शिविरों में आवश्यक दवाइयों और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
मंत्री केदार कश्यप ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान तेज बहाव वाले नदी-नालों, जलमग्न पुल-पुलियों और रास्तों को पार करने का प्रयास न करें। जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर नागरिक तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।