SCGNews , पेण्ड्रा। जिले के शासकीय हाईस्कूल कोटमी खुर्द के प्राचार्य टीकादास मरावी को शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिल्ली में आयोजित समारोह में दो राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया।
दिल्ली में आयोजित 38वें सद्गुरु ज्ञान एवं राष्ट्रीय अध्यापक सम्मेलन में उन्हें संस्थापक डॉ. योगेश टंडन एवं पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर निरंकार नंद महाराज द्वारा ‘विद्या वाचस्पति पीएचडी मानद उपाधि’ प्रदान की गई।
इसके अलावा 4 अक्टूबर को दिल्ली के होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित समारोह में प्राचार्य मरावी को ‘भारत गौरव प्रतिभा रत्न अवॉर्ड’ से भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर देशभर से शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, वरिष्ठ अतिथि एवं प्रशासनिक अधिकारी सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी रही।
प्राचार्य टीकादास मरावी की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।