रायपुर। उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति देते हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा ने सोमवार को शंकर नगर वार्ड क्रमांक 30 अंतर्गत न्यू शांति नगर एवं गीतांजलि नगर में विभिन्न जनहितैषी विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भूमिपूजन कार्यक्रम के तहत न्यू शांति नगर की गली क्रमांक 4सी एवं 3बी में कंक्रीटीकरण कार्य तथा गीतांजलि नगर में नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ-साथ जलभराव की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली और स्वच्छता से जुड़े कार्य किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आवश्यक हैं। क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन वार्ड पार्षद राजेश गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सुनील पिल्लई, पार्षद साधना प्रमोद साहू, कैलाश बेहरा, राम प्रजापति, अनूप खेलकर, संजय कश्यप, वीरमणि चौबे, चंद्र प्रकाश प्रजापति, डोमेंद्र वर्मा, गणेश निर्मलकर, शब्बीर खान, साधना चक्रवर्ती, देवाशीष गांगुली, असित राय, श्यामू यादव, प्रकाश बिठूरवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों के शुभारंभ पर विधायक पुरन्दर मिश्रा एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और नागरिकों का जीवन अधिक सुविधाजनक बनेगा।