किसानों की समृद्धि और आय बढ़ाना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री साय


रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि किसानों की समृद्धि और उनकी आय बढ़ाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, खेती की लागत कम करने और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित सर्किट हाउस में श्रद्धेय मनहरण लाल पाण्डेय की जयंती के अवसर पर आयोजित ‘उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान समारोह’ को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया और कृषि क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।


15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 360 नए केंद्र खुलेंगे

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने 360 नए धान खरीदी केंद्र खोलने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि नए केंद्र खुलने से किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे खरीदी केंद्रों पर दबाव कम होगा और किसानों के समय एवं श्रम की बचत होगी। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कर रही है कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लगभग 80 प्रतिशत आबादी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि कार्य से जुड़ी है। ऐसे में किसानों की खुशहाली से ही गांवों और प्रदेश की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।

दो वर्षों में 10 हजार करोड़ की सिंचाई परियोजनाएं शुरू

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। राज्य सरकार ने पिछले दो वर्षों में प्रदेश में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की नई सिंचाई परियोजनाएं शुरू की हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की 1,500 पुरानी सिंचाई परियोजनाओं के जीर्णोद्धार के लिए लगभग 2,800 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं के जीर्णोद्धार से सिंचाई सुविधाओं में सुधार होगा और किसानों को खेती के लिए बेहतर जल उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंद्रावती नदी पर मटनार और देऊरगांव परियोजनाओं सहित कई नई सिंचाई परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक खेतों तक सिंचाई की सुविधा पहुंचे और किसानों की वर्षा पर निर्भरता कम हो।


प्रगतिशील किसानों का सम्मान, नवाचार को मिलेगा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसान पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक और नवाचारों को अपनाकर कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। ऐसे प्रगतिशील किसानों का सम्मान दूसरे किसानों को भी उन्नत कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।


किसान क्रेडिट कार्ड से किसानों को मिली राहत

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किसानों की आर्थिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किसान क्रेडिट कार्ड की शुरुआत की थी। इससे पहले किसानों को खेती के लिए पूंजी जुटाने के लिए महंगे ब्याज पर कर्ज लेना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि एक समय सहकारी बैंकों से किसानों को 18 प्रतिशत तक ब्याज पर ऋण लेना पड़ता था, जबकि वर्तमान में किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण की सुविधा मिल रही है। इससे किसानों पर ब्याज का बोझ कम हुआ है और खेती के लिए आवश्यक पूंजी जुटाना आसान हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान कल्याण को राष्ट्रीय नीतियों में प्राथमिकता दी गई है। कृषि अनुसंधान, आधुनिक तकनीक, जैविक खेती और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर उत्पादन बढ़ाने, लागत कम करने और किसानों की आय में वृद्धि के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मनहरण लाल पाण्डेय का जीवन जनसेवा को समर्पित रहा

मुख्यमंत्री ने श्रद्धेय मनहरण लाल पाण्डेय को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पाण्डेय का जीवन जनसेवा को समर्पित था और खेती-किसानी तथा ग्रामीण जीवन से उनका गहरा जुड़ाव रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मनहरण लाल पाण्डेय ने विशेष रूप से सिंचाई सुविधाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। वे समाज के लिए प्रेरक और मार्गदर्शक रहे हैं। उनकी स्मृति में किसानों और समाजसेवियों को सम्मानित करने की पहल सराहनीय है।


वन मंत्री केदार कश्यप ने भी किया संबोधित

वन मंत्री केदार कश्यप ने समारोह को संबोधित करते हुए मनहरण लाल पाण्डेय के सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पाण्डेय ने समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया और अपना जीवन जनसेवा को समर्पित किया।

कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं किसान परिवार से आते हैं और किसानों की आवश्यकताओं एवं समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। उनके नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हित और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है।

समारोह में कर्मवीर सिंह, अखिलेश सोनी, नवीन मार्कण्डेय, राम गर्ग, आलोक चंद्र ठाकुर, हर्षिता पाण्डेय, अनुराग पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, श्रद्धेय मनहरण लाल पाण्डेय स्मृति संस्थान के सदस्य और प्रदेशभर से आए बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

VIEW MORE

Category News