टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी; जांच के लिए 15 टीम गठित


SCGNEWS : बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी हुई है। हालांकि, अभिनेता सुरक्षित हैं। उन्हें चोट नहीं लगी है। मुंबई पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

फोरेंसिक टीम ने उस जगह से सबूत इकट्ठा किए, जहां एक्टर टाइगर श्रॉफ के साथ फायरिंग की घटना हुई थी। मुंबई पुलिस के मुताबिक, वह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गोली नहीं लगी है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, घटना की जांच के लिए कुल 15 टीमें बनाई हैं। फायरिंग में दो लोग घायल हुए, जिनमें से एक टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर फिरदौस हैं। उनके बाएं हाथ में गोली लगी है।


सीमा मलिक ने कहा, 'यह स्थिति चिंताजनक है'

एनसीपी-एसपी नेता सीमा मलिक ने कहा, 'मुझे हैरानी होती है कि खासतौर पर एक्टर्स को ही क्यों टारगेट किया जा रहा है? हमने ऐसी घटनाएं पहले भी देखी हैं। सोचिए सलमान खान या सैफ अली खान के साथ क्या हुआ? फिर बाबा सिद्दीकी, जो एक बहुत बड़े लीडर थे। उन्हें दिनदहाड़े गोली मार दी गई। यह सच में चौंकाने वाला है। रोहित शेट्टी के घर पर हमला जैसी और भी घटनाएं हुई हैं। यह चिंताजनक है। अगर ऐसी घटनाएं खुलेआम हो सकती हैं तो यह मुंबई में लॉ एंड ऑर्डर की हालत पर गंभीर सवाल खड़े करता है'।

सांसद वर्षा गायकवाड़ बोलीं- 'आम आदमी क्या उम्मीद करे'?

कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने मामले पर कहा, 'इससे एक बार फिर मुंबई में सिक्योरिटी, लॉ और ऑर्डर की बिगड़ती हालत पर गंभीर सवाल उठते हैं। हमने पहले सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी देखी है। दुख की बात है कि बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रोहित शेट्टी के घर के बाहर भी गोलियां चलाई गईं। अगर नेता और एक्टर जैसे बड़े लोग भी यहां सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी के लिए क्या उम्मीद है? यह हमें फिर से इस बात पर लाता है कि मुख्यमंत्री के पास बहुत सारे पोर्टफोलियो हैं और उन पर बहुत ज्यादा काम का बोझ है। महाराष्ट्र को एक समर्पित, स्वतंत्र होम मिनिस्टर की जरूरत है। मैं कहती हूं कि पुलिस को उनकी आजादी दो। उन्हें अपना काम करने दो'। 

आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें तैनात की गई हैं। हमलावरों की पहचान करने और उनके फरार होने का रास्ता पता लगाने के लिए अधिकारियों ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मुंबई पुलिस के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और गोलीबारी के पीछे का सटीक मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है।डीसीपी मोहित गर्ग ने कहा, 'यह घटना उस समय हुई, जब टाइगर श्रॉफ अपनी कार से लौट रहे थे। उन्हें कोई गोली नहीं लगी है। वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। मुंबई पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने शुरुआती जांच शुरू कर दी है। फिलहाल करीब 15 टीमें इस मामले पर काम कर रही हैं। जैसे-जैसे और जानकारी सामने आएगी, उसे साझा किया जाएगा। जैसा कि मैंने बताया, फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। इस समय कितनी राउंड गोलियां चलाई गईं, इस बारे में विशेष जानकारी देना उचित नहीं होगा'।

VIEW MORE

Category News