रायपुर, 17 सितम्बर 2026। चीन के मोकी शहर में आयोजित जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की दो बेटियों गीता यादव और मधु सिदार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान दिया। दोनों खिलाड़ी बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई स्थित खेल एवं युवा कल्याण विभाग की आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने प्रभावी खेल का प्रदर्शन किया और चार-चार गोल दागे। उनके प्रदर्शन से बिलासपुर आवासीय हॉकी अकादमी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
दक्षिण कोरिया और मलेशिया के खिलाफ भी दिखाया दम
भारतीय टीम के मुकाबलों में छत्तीसगढ़ की दोनों खिलाड़ियों ने लगातार अपनी छाप छोड़ी। दक्षिण कोरिया के खिलाफ मुकाबले में मधु सिदार ने गोल कर भारत की जीत में योगदान दिया।
इसके बाद मलेशिया के खिलाफ भारतीय टीम ने 11-1 से शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में गीता यादव ने दो गोल दागकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पाकिस्तान के खिलाफ 19-0 की जीत में भी चमकीं दोनों खिलाड़ी
भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले में भी गीता यादव और मधु सिदार का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी।
इस मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने दो-दो गोल किए और भारतीय टीम के आक्रमण को मजबूती दी। प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों के खाते में कुल चार-चार गोल रहे।
खेल विभाग ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा कि गीता यादव और मधु सिदार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं। साथ ही विभाग की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।
इस अवसर पर बिलासपुर आवासीय हॉकी अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर बिलासपुर के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर कुलदीप बरार तथा बिलासपुर के खेल अधिकारी सुशील भी उपस्थित रहे।