नरेन्द्र पाण्डेय : जीवन का रास्ता सीधा नहीं होता। कब कौन-सा मोड़ आए और हम ऐसे चौराहे पर खड़े हों, जहां दिशा समझ न आए, कोई नहीं जानता। कभी जिस व्यक्ति के साथ जिंदगी बिताने की कल्पना हो, वही अचानक साथ छोड़ देता है।
मां, पिता, जीवनसाथी, बेटा, बेटी या कोई अपना—उसका जाना केवल बिछड़ना नहीं। उसके साथ आदतें, सपने और जीवन का हिस्सा भी चला जाता है। घर वही रहता है, लेकिन उसका अर्थ बदल जाता है।
यह बिछड़ना केवल मृत्यु से नहीं होता। रिश्ते टूटते हैं, धोखा मिलता है या तलाक जीवन को अकेलेपन के सामने खड़ा कर देता है। सवाल है—अब उसके बिना कैसे जिया जाए?
दीपावली, छठ और देवउठनी एकादशी के बीच इस सवाल को आध्यात्मिक दृष्टि से समझना जरूरी है। दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देती है। अंधकार मन में भी होता है। किसी अपने के जाने से पैदा खालीपन में आशा का दीप जलाना जरूरी है।
बृहदारण्यक उपनिषद का मंत्र है—
असतो मा सद्गमय।
तमसो मा ज्योतिर्गमय।
मृत्योर्मा अमृतं गमय॥
अर्थात् असत्य से सत्य, अंधकार से प्रकाश और मृत्यु से अमरत्व की ओर ले चलो। यह मंत्र सिखाता है कि दुख को नकारना नहीं, उसके बीच प्रकाश की संभावना तलाशना जीवन का दर्शन है।
छठ पर्व में हम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हैं और अगले दिन उगते सूर्य का स्वागत करते हैं। डूबते सूर्य के प्रति कृतज्ञता और उगते सूर्य के प्रति आशा बताती है कि अस्त होना अंत नहीं। हर शाम के बाद नई सुबह की संभावना रहती है।
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने की मान्यता है। इसे सोई हुई चेतना, ऊर्जा और संकल्प को जगाने का प्रतीक मान सकते हैं। हमें भी निराशा और अकेलेपन से जागकर नई शुरुआत करनी पड़ती है।
रामायण में दशरथ राम का वियोग सहन नहीं कर पाए और महाभारत में गांधारी ने सौ पुत्रों को खोया। ये प्रसंग बताते हैं कि अपनों को खोने का दुख कितना गहरा है। भारतीय दर्शन यह भी सिखाता है कि मनुष्य के भीतर कठिन परिस्थितियों में फिर खड़े होने का आत्मबल है।
आज अनेक लोग मृत्यु, तलाक या पारिवारिक अलगाव के कारण अकेले हैं। समाज सहानुभूति देता है, पर नए सिरे से जीने का रास्ता कम बताता है। स्मृतियों को संजोना और आगे बढ़ना विरोधी नहीं। संवाद, नई रुचियां और सामाजिक सहभागिता नई शुरुआत का आधार हैं।
इन पर्वों पर उन लोगों के जीवन में भी उम्मीद का दीप जलाएं, जो किसी अपने के जाने के बाद अकेले हैं। उनके पास बैठना और भरोसा देना कि जीवन बाकी है, सबसे बड़ी मानवीय पूजा है।
जो चला गया, वह स्मृतियों का हिस्सा रहेगा; लेकिन जो जीवन शेष है, वह हमारी जिम्मेदारी है।
दीपावली का प्रकाश, छठ के उगते सूर्य की आशा और देवउठनी एकादशी का जागरण सिखाते हैं कि अंधकार स्थायी नहीं। कभी रास्ता बदलना, अकेले चलना और स्वयं का हाथ पकड़कर आगे बढ़ना पड़ता है। यही जीवन की साधना और आत्मबोध है।