31 जनवरी, सुबह की सुर्खियाँ
रायपुर। छत्तीसगढ़ में जमीन की नई संशोधित गाइडलाइन दरें जारी कर दी गई हैं। राज्य की जिला मूल्यांकन समितियों से मिले प्रस्तावों के आधार पर इन दरों को मंजूरी दी गई है। नई गाइडलाइन दरें आज 30 जनवरी 2026 से प्रभावशील हो गई हैं। इस बार शहरी क्षेत्रों की तुलना में ग्रामीण इलाकों की जमीन की दरों में अपेक्षाकृत अधिक कमी दर्ज की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन की रजिस्ट्री सस्ती होने की संभावना जताई जा रही है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के दिन प्रदेश की शासकीय शराब दुकानें खुली रहीं। राज्य सरकार ने 30 जनवरी को ड्राई डे की सूची से बाहर कर दिया है। अब तक हर वर्ष इस दिन पूरे प्रदेश में शराब बिक्री पर प्रतिबंध रहता था। सरकार के इस फैसले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
रायपुर। माल एवं सेवा कर आसूचना महानिदेशालय, यानी डीजीजीआई रायपुर जोनल यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 14 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी के मामले में संतोष वाधवानी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने बेटे के नाम पर पंजीकृत फर्म ‘मेसर्स विजय लक्ष्मी ट्रेड कंपनी’ का संचालन कर रहा था। डीजीजीआई ने उसे 29 जनवरी की रात रायपुर से हिरासत में लिया। जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी ने फर्जी लेन-देन और इनपुट टैक्स क्रेडिट के जरिए बड़े पैमाने पर कर चोरी की थी।
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। दर्री थाना क्षेत्र के लाटा बस्ती में एक महिला ने प्रेम प्रसंग के चलते अपने पति को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद महिला ने इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की, लेकिन बच्चों के बयानों से सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
महासमुंद/रायपुर। नशे के खिलाफ अभियान के तहत रायपुर रेंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन ‘निश्चय’ के अंतर्गत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और महासमुंद पुलिस की संयुक्त टीम ने एम्बुलेंस से तस्करी की जा रही 520 किलो अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई जा रही है। यह गांजा ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए थोक खरीदार और परिवहन सरगना समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।