आरंग. आरंग रेलवे स्टेशन के साइडिंग एरिया में निर्माणाधीन कार्य के बीच कथित तौर पर पूर्व सूचना और सुरक्षा उपायों के बिना सीमेंट बनाने के कच्चे मटेरियल की लोडिंग-अनलोडिंग शुरू होने से स्थानीय रहवासियों में भारी आक्रोश है. इस गंभीर पर्यावरणीय और जनसुरक्षा मुद्दे को लेकर बालाजी कॉलोनी के अध्यक्ष और पूर्व जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि पिंटू कुर्रे ने क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी (रायपुर), सदस्य सचिव पर्यावरण संरक्षण मंडल (नवा रायपुर), एनजीटी (भोपाल एवं नई दिल्ली), डीआरएम और स्थानीय थाना प्रभारी से लिखित शिकायत दी है.
5 नवंबर से लोडिंग शुरू होने का आरोप

शिकायतकर्ता पिंटू कुर्रे ने बताया कि रेलवे द्वारा निर्माणाधीन साइडिंग का काम अभी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन पिछले 5 नवंबर से मेसर्स NU VISTA Limited (रिसदा, बलौदाबाजार) यहां से सीमेंट बनाने का कच्चा मटेरियल मालगाड़ियों के माध्यम से बाहर भेजा रहा है. आरोप है कि शहर के नागरिकों को बिना सूचित किए यह कार्य शुरू किया गया. लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान भारी मात्रा में धूल उड़ रही है.
रिहायशी इलाकों और स्कूलों पर सीधा असर

पिंटू कुर्रे कहना है कि रेलवे साइडिंग से बालाजीपुरम कॉलोनी की दूरी लगभग 200 मीटर है. इसके ठीक पीछे दीनदयाल और अटल नगर कॉलोनी है. जहां गौरव पथ पर सुबह-शाम लोग टहलते हैं, लेकिन इन दिनों उन्हें भारी वाहनों की आवाजाही से उड़ने वाली धूल के गुबार का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा बालाजीपुरम कॉलोनी के बाहर दो स्कूल संचालित हैं, जिनमें पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रदूषण का प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है.
कॉलोनी मार्ग से भारी गाड़ियां गुजरने की शिकायत
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कच्चा मटेरियल से लदी भारी गाड़ियां हाईवे के सर्विस रोड का इस्तेमाल करने के बजाए बालाजीपुरम कॉलोनी और इंदिरा चौक के आसपास से तेज रफ्तार में गुजरती हैं. सड़कों पर धूल उड़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. साथ ही किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है.
यात्रियों को स्टेशन पहुंचने में होती है परेशानी : पिंटू कुर्रे
पिंटू कुर्रे ने बताया कि स्टेशन और साइडिंग क्षेत्र में आवागमन के सीमित विकल्पों के कारण बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को ट्रेन पकड़ने और स्टेशन से बाहर निकलने में काफी परेशानी होती है. ऐसे में ओवरब्रिज ही उनके लिए आवागमन का प्रमुख विकल्प बना हुआ है.
तत्काल रोक और धूल नियंत्रण की मांग
समिति और स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि जब तक साइडिंग का काम पूरा नहीं होने और प्रदूषण पर नियंत्रण के ठोस इंतजाम सुनिश्चित नहीं किए जाते, तब तक कच्चे मटेरियल की लोडिंग-अनलोडिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही, इसके लिए जिम्मेदार कंपनी और संबंधित व्यवस्था के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।